Rajasthan cabinet reshuffle: राजस्थान में मंत्रिमंडल फेरबदल कल, तीन मंत्री का इस्तीफा स्वीकार, ये बन सकते हैं मंत्री!
By सतीश कुमार सिंह | Published: November 20, 2021 04:40 PM2021-11-20T16:40:44+5:302021-11-20T17:05:35+5:30
Rajasthan cabinet reshuffle: राजस्थान में अशोक गहलोत मंत्रिमंडल में पुनर्गठन की कवायद अंतिम दौर में पहुंचने की उम्मीदों के बीच मंत्रिमंडल की बैठक शनिवार शाम यहां बुलाई गई है।
Rajasthan cabinet reshuffle: बहुप्रतीक्षित कैबिनेट फेरबदल के लिए मंच तैयार हो गया है। रविवार शाम 4 बजे गवर्नर हाउस में नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयारी चल रही है।राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज तीन मंत्रियों का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
राजस्व मंत्री हरीश चौधरी, चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री डॉ रघु शर्मा व शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर अपने मंत्री पद छोड़ने और पार्टी संगठन के लिए काम करने की पेशकश की थी। इस समय राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 21 सदस्य हैं।
इन तीन मंत्रियों के इस्तीफे के मद्देनजर यह संख्या 18 पहुंच सकती है। राज्य में विधायकों की संख्या 200 है, उस हिसाब से मंत्रिमंडल में अधिकतम 30 सदस्य हो सकते हैं। कांग्रेस के 108 व भाजपा के 71 विधायक हैं। इसके अलावा 13 निर्दलीय विधायक हैं। गहलोत ने संभावित पुनर्गठन पर चुटकी लेते हुए यहां एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘हम सबको इंतजार है लॉटरी खुलने का।’’
बैठक के बाद नए नामों से कैबिनेट का गठन किया जाएगा और रविवार को राजभवन में उनका शपथ ग्रहण समारोह होगा। राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र शनिवार शाम उत्तर प्रदेश में एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे हैं। जयपुर में मौजूद राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय माकन संभावित उम्मीदवारों के नाम पर सीएम अशोक गहलोत से चर्चा करेंगे। पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी शनिवार शाम दिल्ली से जयपुर लौट रहे हैं।
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के लिए जो संभावित नाम आ रहे हैं, वह हेमाराज चौधरी, बृजेंद्र ओला, दिपेंद्र सिंह शेखावत, रमेश मीणा और मुरारीलाल मीणा हैं। सीएम गहलोत खेमे से बसपा से राजेंद्र गुढ़ा, निर्दलीय महादेव खंडेला, संयम लोढ़ा, कांग्रेस विधायक महेंद्र जीत सिंह मालवीय, रामलाल जाट, मंजू मेघवाल और जाहिदा खान का नाम आ रहा हैं। 15 संसदीय सचिव बनाए जा सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार यह बैठक मंत्रिमंडल के प्रस्तावित पुनर्गठन से पहले बुलाई गई है और इसमें सभी मंत्रियों के इस्तीफे लिए जा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को राजभवन में हो सकता है, हालांकि इस बारे में आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।