वैलेंटाइंस डे पर दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, सुबह पड़ी फुहारें और छा गया अंधेरा
By आदित्य द्विवेदी | Published: February 14, 2019 09:18 AM2019-02-14T09:18:01+5:302019-02-14T10:06:31+5:30
मौसम वैज्ञानिकों ने भी गुरुवार को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान व्यक्त किया था।
प्यार के त्योहार वैलेंटाइंस डे पर दिल्ली-एनसीआर का मौसम खुशगवार हो गया है। बुधवार शाम को लोगों को तापमान में बढ़ोत्तरी का एहसास हो रहा था लेकिन गुरुवार सुबह फुहारों से हुई। सुबह करीब आठ बजे बादलों ने अंधेरा कर दिया। लोगों को गाड़ियों की लाइट जलाकर सड़क पर चलना पड़ा। मौसम वैज्ञानिकों ने भी गुरुवार को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान व्यक्त किया था।
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहे और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 98 प्रतिशत दर्ज किया गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान के 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम बदलने से वैलेंटाइंस डे पर घूमने-फिरने का प्लान कर रहे लोगों को थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि हल्की बारिश ने दिल्ली के वायु प्रदूषण में थोड़ा सुधार जरूर किया है। दिल्ली में पिछले कई दिनों से वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्थिति में बनी हुई थी।