राहुल गांधी का मोदी सरकार पर VIDEO वार, बोले- अब और नहीं
By गुणातीत ओझा | Published: October 13, 2020 06:16 PM2020-10-13T18:16:28+5:302020-10-13T18:16:28+5:30
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर किसान कानून को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। वे ट्विटर पर वीडियो शेयर कर मोदी सरकार पर हमलावर हुए हैं।
नई दिल्ली। पिछले कई दिनों से भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी दंगल जारी है। दोनों पार्टियों के नेता एक दूसरे पर हमलावर हैं। हाथरस कांड में जहां कांग्रेस ने भाजपा पर हमला करने का कोई मौका नहीं चूका तो वहीं, भाजपा ने भी जमकर पलटवार किया। कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी जगह-जगह रैली कर भाजपा की बखिया उधेड़ने पर लगे हैं। इस क्रम में राहुल गांधी ने कांग्रेस द्वारा तैयार किया गया एक वीडियो आज अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है। इस वीडियो के जरिये राहुल गांधी ने किसानों की आवाज उठाते हुए भाजपा पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
राहुल गांधी ने एक किसान कानून को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर कर कहा कि किसानों ने देश को खाद्य सुरक्षा दी। लेकिन, मोदी सरकार ने किसानों को सिर्फ धोखा दिया। लेकिन अब और नहीं... इससे पहले भी राहुल गांधी ने किसान कानून के विरोध में कई बार हमला बोला था।
किसानों ने देश को खाद्य सुरक्षा दी और मोदी सरकार ने किसानों को सिर्फ़ धोखा दिया।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 13, 2020
लेकिन अब और नहीं। pic.twitter.com/rkaD2H1hd5
राहुल गांधी इस वीडियो में कहते नजर आ रहे हैं कि पंजाब और हरियाणा के किसानों ने सरकार को फूड सिक्योरिटी दी। हिन्दुस्तान की सरकार ने पंजाब और हरियाणा के लिए ढांचा बनाया था। ढांचे में तीन खंभे थे, पहला एमएसपी, दूसरा फूड सिक्योरिटी, तीसरा- मंडी। इन तीन चीजों से हिन्दुस्तान को पंजाब और हरियाणा गारंटी अनाज देता है। उन्होंने आगे कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी इस सिस्टम को खत्म करना चाहते हैं, क्योंकि जब तक ये सिस्टम रहेगा तब तक उनके मित्र अम्बानी, अदानी जैसे लोग हिन्दुस्तान के किसानों का पैसा नहीं ले सकते हैं।
वीडियो में पंजाब और हरियाणा के किसानों की क्लिपिंग भी दिखाई गई है। इसमें किसान भाजपा सरकार की नीतियों को कोसते नजर आ रहे हैं।
इससे पहले भाजपा पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने अपनी ‘‘खेती बचाओ यात्रा’’ के दौरान कहा था कि केन्द्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार बनाने के बाद कृषि कानूनों को वापस ले लिया जायेगा और इन्हें ‘‘कचरे के डिब्बे’’ में फेंक दिया जायेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम आपको आश्वस्त करना चाहते हैं। हम आपके साथ हैं और हम एक इंच पीछे नहीं हटेंगे। केवल हरियाणा या पंजाब में ही नहीं बल्कि पूरे देश में पूरी कांग्रेस आपके पीछे खड़ी है। जब हमारी सरकार बनेगी तो हम इन कानूनों को रद्द कर देंगे और इन्हें कूड़े के डिब्बे में फेंक देंगे।’’ गांधी ने रविवार को पंजाब के मोगा जिले से ‘‘खेती बचाओ यात्रा’’ शुरू की थी। पंजाब के पटियाला जिले से अपनी ‘ट्रैक्टर रैली’ के बाद गांधी यहां पहुंचे थे।