राहुल गांधी केरल में मछुआरों के साथ समुद्र में उतरे

By भाषा | Published: February 24, 2021 05:29 PM2021-02-24T17:29:51+5:302021-02-24T17:29:51+5:30

Rahul Gandhi landed at sea with fishermen in Kerala | राहुल गांधी केरल में मछुआरों के साथ समुद्र में उतरे

राहुल गांधी केरल में मछुआरों के साथ समुद्र में उतरे

कोल्लम (केरल), 24 फरवरी कांग्रेस नेता राहुल गांधी मछुआरों के जीवन को करीब से देखने समझने के लिए उनके साथ नौका में सवार होकर यहां समुद्र में गए और जब जाल डाला गया, तो वह भी बाकी मछुआरों के साथ पानी में उतर गए और तट पर पहुंचने से पहले करीब 10 मिनट तैरते रहे। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।

राहुल ने जब देखा कि मछली पकड़ने के लिए जाल डालने के बाद कुछ मछुआरे नौका से समुद्र में छलांग लगा रहे हैं, तब वह भी पानी में उतर गये। उस वक्त नौका पर राहुल के एक निजी सुरक्षा अधिकारी भी थे।

उनके साथ मौजूद कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि अपने साथ के मछुआरों से यह जानने के बाद कि उनके साथी पानी के अंदर जाल को ठीक से फैला रहे हैं, राहुल भी समुद्र में उतर गये।

पदाधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘वह हमे बताए बगैर ही पानी में उतर गये...हम सभी दंग रह गये लेकिन वह बहुत सहज दिख रहे थे। वह करीब 10 मिनट तक पानी में रहे। वह एक अच्छे तैराक हैं। ’’

एक सूत्र ने बताया कि राहुल नीली टी-शर्ट और खाकी पतलून पहने पहने ही समुद्र में कूद गए।

थंगासेरी तट पर लौटने के बाद राहुल ने अपने गीले कपड़े बदले।

नौका पर 23 मछुआरे थे। राहुल के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस समिति महासचिव के सी वेणुगोपाल और टी एन प्रतापन सहित पार्टी के चार नेता थे।

मछुआरों ने राहुल को ब्रेड और मछली करी खिलाई, जो उन्होंने नौका पर पकाई थी।

सूत्रों ने बताया कि राहुल करीब ढाई घंटे समुद्र में रहे। उन्होंने मछुआरों द्वारा पकाई गई करी का लुत्फ उठाया। उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान मछुआरा समुदाय की समस्याओं को भी सुना।

नौका के मालिक बीजू लॉरेंस ने कहा कि कांग्रेस नेता ने उनसे उनके परिवार और आमदनी के स्रोत के बारे में पूछा।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Rahul Gandhi landed at sea with fishermen in Kerala

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे