पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों पर बोले राहुल गांधी- हिंदुस्तान स्पष्ट जवाब देगा

By भाषा | Published: December 10, 2018 08:52 PM2018-12-10T20:52:19+5:302018-12-10T20:52:19+5:30

राहुल ने दावा किया कि देश की हर संस्था पर हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आज देश की हर संस्था पर हमले हो रहे हैं। उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों का कहना है कि उन्हें काम नहीं करने दिया जा रहा।

Rahul Gandhi - Hindustan will give a clear answer on the outcome of the five assembly elections | पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों पर बोले राहुल गांधी- हिंदुस्तान स्पष्ट जवाब देगा

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों पर बोले राहुल गांधी- हिंदुस्तान स्पष्ट जवाब देगा

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे आने से एक दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि हिंदुस्तान जवाब देगा और स्पष्ट तरीके से देगा। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा 2019 के लोकसभा चुनावों में सत्ता से बेदखल हो जाएगी।उन्होंने बेरोजगारी और किसानों के बकाये के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार किसानों को ‘‘बोझ’’ समझती है।

कांग्रेस नेता ने यहां कहा, ‘‘आप देखिएगा, अभी (पांच राज्यों में) चुनाव हुए हैं, हिंदुस्तान जवाब देगा और स्पष्ट तरीके से देगा।’’ 

असोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) की ओर से हिंदी अखबार ‘नवजीवन’ की फिर से शुरुआत की घोषणा के बाद राहुल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रपिता को समर्पित विशेषांक जारी किया गया।कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘नौकरियां और किसानों के बकाये अहम मुद्दे हैं। देश में गुस्सा बढ़ रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसकी वजह यह है कि केंद्र युवाओं को नौकरियां नहीं दे पा रहा। और नरेंद्र मोदी के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है।’’ 

राहुल ने कहा, ‘‘पंजाब की सरजमीं से मैं कहना चाहता हूं कि 21वीं सदी हो या 22वीं सदी हो, यह देश किसानों के बगैर आगे नहीं बढ़ सकता.....नौकरियों और किसानों के लिए राज्यों में हमारी सरकारों, और राष्ट्रीय स्तर पर हमारी सरकार बनने पर, 21वीं सदी की रणनीति के हिसाब से नए तरीके से काम करना होगा। हम इसे आसानी से कर सकते हैं, क्योंकि हम भारत के लोगों की आवाज सुनते हैं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस संस्थाओं के संरक्षण के लिए लड़ रही है और हम जीतेंगे। हम चुनावों में भाजपा को हराएंगे और उन्हें उनकी जगह दिखाएंगे। लेकिन हमें आगे बढ़ना होगा। इन दो मुद्दों - नौकरियों और किसानों के मुद्दे को सुलझाना होगा।’’ 

राहुल ने दावा किया कि देश की हर संस्था पर हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आज देश की हर संस्था पर हमले हो रहे हैं। उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों का कहना है कि उन्हें काम नहीं करने दिया जा रहा। कुछ दिन पहले सेना के एक जनरल ने मोदीजी के बारे में कहा कि उन्होंने सेना को अपनी निजी संपत्ति समझ लिया है और राजनीतिक फायदे के लिए इसका इस्तेमाल किया है। चुनाव आयोग दबाव में है....देश की हर संस्था पर हमले हो रहे हैं।’’ 

लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत) डी एस हुड्डा ने हाल में कहा था कि बेहतर होता कि 2016 के सर्जिकल स्ट्राइक को गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया होता। उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी ने सेना की कार्रवाई को ‘‘राजनीतिक फायदे’’ के लिए इस्तेमाल किया। राहुल ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के शासनकाल में मीडिया को ‘‘धमकाया और दबाया’’ जा रहा है। 

उन्होंने कहा, ‘‘प्रेस ‘शेर’ है। यह ताकतवर लोगों को उनकी जगह दिखा सकता है...लेकिन यदि अखबारों के मालिकों और उनके अलग-अलग कारोबार पर सरकार का शिकंजा कस जाए तो ‘शेर’ दरअसल ‘कागजी शेर’ बन जाता है। फिर इसके पास ताकत या आवाज नहीं रह जाती।’’ 

राहुल ने कहा, ‘‘मैं आपका (मीडिया का) अपमान नहीं करना चाहता। लेकिन यदि आज के प्रेस को देखें तो आपको शादियों, क्रिकेट, खेल, बॉलीवुड गानों की खबरें पहले पन्ने पर दिखेंगी। लेकिन आपको किसानों, युवाओं और भ्रष्टाचार की समस्याएं अखबारों में नहीं दिखेंगी। यह सिर्फ राष्ट्रीय अखबारों तक सीमित नहीं है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘हर राज्य में मीडिया पर ‘कब्जा’ कर लिया गया है। मीडिया सिर्फ वही बातें बता रहा है जो ताकतवर लोग सुनना पसंद करते हैं। मीडिया को आजाद होना चाहिए।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हम आरएसएस या भाजपा के लोग नहीं हैं। हम आलोचना से सीखते हैं। हम चाहते हैं कि अखबार साफ-साफ लिखें कि हम गलतियां करते हैं।’’ 

चीन का उदाहरण देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चीनी सरकार 24 घंटे में 50,000 नौकरियां पैदा कर रही है।उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मोदी सरकार 24 घंटे में महज 450 नौकरियां पैदा कर रही है। ऐसे देश नहीं चल सकता।’’ 

इस बीच, कांग्रेस नेता ने भरोसा जताया कि अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा सरकार सत्ता से बेदखल हो जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘विपक्षी पार्टियां और कांग्रेस इस हमले के खिलाफ खड़े हैं और 2019 में हम भाजपा को सत्ता से बाहर कर देंगे। लोगों के दिमाग में स्पष्ट तौर पर बात गई है कि भाजपा और नरेंद्र मोदी को हटाना होगा।’’ 

कांग्रेस और भाजपा के बीच तुलना करते हुए राहुल ने कहा, ‘‘मोदी हो या आरएसएस, उनका मानना है कि जो उनके दिल में है वही सही है और जो दूसरों के दिलोदिमाग में है, उसका कोई मतलब नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हम (कांग्रेस) लोगों की आवाज सुनते हैं और वही करते हैं जो जनता कहती है। यह कांग्रेस और भाजपा के बीच फर्क है।’’ 

कांग्रेस अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘मनमोहन सिंह को ‘फक्र-ए-संसार’ का खिताब मिलना चाहिए। उन्होंने विनम्रता, प्रेम एवं आदर के साथ देश चलाया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर उन्होंने विश्व नेताओं, राष्ट्रपतियों एवं प्रधानमंत्रियों को काम करने का तरीका दिखाया।’’ मंगलवार को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम के विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित होने वाले हैं।
 

Web Title: Rahul Gandhi - Hindustan will give a clear answer on the outcome of the five assembly elections

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे