भारत जोड़ो यात्रा: 29 नवंबर को सामाजिक न्याय परिसर के सभा को संबोधित करेंगे राहुल गांधी, सुरक्षा के किए गए है तगड़े इंतेजाम
By बृजेश परमार | Published: November 27, 2022 11:20 PM2022-11-27T23:20:20+5:302022-11-27T23:54:48+5:30
आपको बता दें इंतेजाम ऐसे किए गए है कि बिना परमिशन और अपॉइंटमेंट के कोई भी राहुल गांधी से नहीं मिल सकेगा। ऐसे में यहां पर थ्री लेयर व्यवस्था की गई है। इसमें एक लेयर में राहुल गांधी के रुकने की व्यवस्था की गई है। वहीं दूसरी तरफ भारत जोड़ो यात्रा के साथ चल रहे यात्रियों को रुकने की तो थर्ड लेयर में उनके खाने की व्यवस्था की गई है।
भोपाल:भारत जोड़ो यात्रा लेकर आ रहें कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी 29 नवंबर को सामाजिक न्याय परिसर में सभा को संबोधित करेंगे। उनकी सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
सभा स्थल को 30 सेक्टर में बांटा जाकर उसी के हिसाब से कुर्सियां जमाई जाएंगी। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वाड) की टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया है। टीम के सदस्यों ने पूरे सभा स्थल, मंच व आसपास में चेकिंग की है।
ऐसी होगी राहुल गांधी की सुरक्षा
राहुल गांधी उज्जैन में यात्रा के दौरान मध्यप्रदेश पुलिस के 100 मीटर के रस्सा घेरे में रहेंगे। वीवीआईपी पैदल भ्रमण को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर ढंग से बनाने के लिए पुलिस लाइन में शनिवार को रस्सा पार्टी में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों की रिहर्सल कराई गई।
रिहर्सल कराते हुए रस्सा पार्टी को पुलिस लाइन से पाईप फैक्ट्री चौराहे से होते हुए पुनः पुलिस लाइन तक अभ्यास कराया गया। इस दौरान ड्रोन कैमरे से नजर रखते हुए रिहर्सल के दौरान पाई गई कमियों को वरिष्ठ अधिकारियो ने निरीक्षण करते हुए त्रुटियों के संबंध में दिशा निर्देश दिए हैं।
राहुल गांधी के पड़ाव और विश्राम की भी बारिकी से रखा गया है ध्यान
आपको बता दें कि राहुल उज्जैन शहर में वाहन में रहने वाले है, इसे ध्यान में रखकर उनके पड़ाव, विश्राम स्थल सभा स्थल और महाकाल मंदिर में सुरक्षा के चाकचौबंध इंतजाम किए जा रहे है। इसके लिए राहुल की सुरक्षा टीम के साथ सीआरपीएफ, स्थानीय पुलिस प्लॉन बनाने में जुटी हैं।
सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) के अधिकारियों ने प्रशासन व पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ यात्रा के पड़ाव और सभा स्थल का जायजा लिया है।
राहुल गांधी सांवेर से उज्जैन पहुंचेंगे।वे निनौरा में मंगलवार 29 नवंबर को यथार्थ फ्यूचरिस्टिक एकेडमी में सह यात्रियों के साथ सुबह करीब 10 बजे चाय-नाश्ता करने के लिए रूकेंगे। एकेडमी के संचालक व कांग्रेसी नेता सोनू शर्मा से टीम ने चर्चा की व जानकारी ली।
सामाजिक न्याय परिसर और गुरु सांदीपनि इंस्टीट्यूट कॉलेज की सुरक्षा भी चेक की गई
सुरक्षा एजेंसी टीम सामाजिक न्याय परिसर, निनौरा व सुरासा में भी व्यवस्थाएं देखी है। सुरासा में गुरु सांदीपनि इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कॉलेज में यात्रा का रात्रि विश्राम हैं। यहां टीम ने सुरक्षा के लिहाज से विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की व व्यवस्थाओं को तय किया।
सुरासा में नाइट स्टे की पुलिस ने तगड़ी प्लानिंग की है। यहां एक हिस्सा पूरी तरह से राहुल गांधी के लिए रहेगा। पुलिस की बैरिकेडिंग भी रहेगी, ताकि कोई भी व्यक्ति उस तरफ ना जा सके। इसके साथ ही राहुल गांधी की पूरी टीम भी रहेगी।
बिना इजाजत राहुल गांधी से नहीं मिल सकेगा कोई
खास बात यह है कि बिना परमिशन और अपॉइंटमेंट के कोई भी राहुल गांधी से नहीं मिल सकेगा। यहां पर थ्री लेयर व्यवस्था की गई है। इसमें एक लेयर में राहुल गांधी के रुकने की व्यवस्था की गई है। वहीं दूसरी तरफ भारत जोड़ो यात्रा के साथ चल रहे यात्रियों को रुकने की तो थर्ड लेयर में उनके खाने की व्यवस्था की गई है। खास बात यह है कि यहां राहुल गांधी की सिक्योरिटी के साथ ही पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
एसएसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल के अनुसार 100 मीटर के रस्सा घेरे में वीवीआईपी 118 भारत यात्री एवं उनके साथ 25 प्रदेश के यात्री रहेंगे। 29 नवंबर का कार्यक्रम हमारे पास आ चुका है।सुबह 10 बजे निनौरा एवं उसके उपरांत 4 घंटे के दौरान तपोभूमि,महाकाल एवं सामाजिक न्याय परिसर का कार्यक्रम रहेगा। राहुल गांधी जी उज्जैन में यात्रा के दौरान कहां और कितना पैदल चलेंगे यह अभी तय नहीं है।