हरियाणा में नशीले पदार्थ के धंधे में लिप्त लोगों को पकड़ने गई थी पंजाब पुलिस की टीम पर हमला, पुलिस दल ने गोलियां चलाईं, एक ग्रामीण ढेर
By भाषा | Published: October 9, 2019 03:06 PM2019-10-09T15:06:47+5:302019-10-09T15:06:47+5:30
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस दल ने भी गोलियां चलाईं जिसमें एक ग्रामीण मारा गया। टीम को हरियाणा पुलिस ने बचाया। बठिंडा पुलिस की एक टीम हरियाणा के एक गाँव में नशीले पदार्थ के धंधे में कथित तौर पर लिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने गई थी। छापेमारी करने वाली टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।
हरियाणा के डेसु जोधा गांव में छापेमारी करने गई पंजाब पुलिस की एक टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया, जिससे कुछ पुलिस कर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने भी गोलियां चलाईं जिसमें एक ग्रामीण मारा गया। टीम को हरियाणा पुलिस ने बचाया। बठिंडा पुलिस की एक टीम हरियाणा के एक गाँव में नशीले पदार्थ के धंधे में कथित तौर पर लिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने गई थी। छापेमारी करने वाली टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी में जग्गा सिंह नामक एक व्यक्ति की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना में दो पुलिसकर्मी कमल और सुखदेव भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि कमल के पेट में गोली लगी है, जबकि सुखदेव को भी गोली लगी है।
हरजिंदर, गुरतेज और एक महिला कांस्टेबल मनप्रीत भी घायल हुए हैं। सभी पांच घायल कर्मियों को बठिंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया। डबवाली के पुलिस उपाधीक्षक कुलदीप बेनीवाल ने कहा कि वे ग्रामीणों के बयान ले रहे हैं।