पंजाब कांग्रेसः चरणजीत सिंह चन्नी आज 11 बजे शपथ लेंगे , राज्यपाल से मुलाकात, राहुल गांधी ने दी बधाई
By सतीश कुमार सिंह | Published: September 19, 2021 07:49 PM2021-09-19T19:49:49+5:302021-09-20T07:11:21+5:30
पंजाब में कांग्रेस के वरिष्ठ दलित नेता चरणजीत सिंह चन्नी राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें रविवार को पार्टी विधायक दल का नया नेता चुना गया।
चंडीगढ़ः पंजाब में कांग्रेस विधायक दल के नये नेता चुने गए चरणजीत सिंह चन्नी सोमवार सुबह 11 बजे राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे।
राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद चन्नी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने अपना दावा पेश किया। राज्यपाल महोदय ने 11 बजे शपथग्रहण का समय दिया।’’ चन्नी को रविवार को पार्टी विधायक दल का नया नेता चुना गया और अब वह राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे।
"We have presented our stance, unanimously supported by party MLAs, before the Governor. Oath taking ceremony to take place at 11 am tomorrow," says Punjab CM-designate Charanjit Singh Channipic.twitter.com/Ksh9YnGYpm
— ANI (@ANI) September 19, 2021
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद 58 वर्षीय चन्नी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और प्रदेश प्रभारी हरीश रावत ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमरिंदर सिंह ने पार्टी विधायक दल का नया नेता चुने जाने पर चन्नी को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह सीमान्त राज्य पंजाब और लोगों की सुरक्षा कर सकेंगे।
#WATCH | Punjab: Supporters of Charanjit Singh Channi celebrate outside his residence at Kharar, SAS Nagar after he became the Punjab CM-designate pic.twitter.com/Yp0z8VJesy
— ANI (@ANI) September 19, 2021
इससे पहले, राज्य के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा का नाम मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे चलने की चर्चा थी, हालांकि ऐन मौके पर कांग्रेस आलाकमान ने चन्नी के नाम पर मुहर लगाई। सूत्रों का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने चन्नी के नाम की जोरदार पैरवी की और फिर राहुल गांधी ने दिल्ली में लंबी मंत्रणा के बाद चन्नी के नाम को मंजूरी दी।
Congress leader Rahul Gandhi congratulates Punjab Chief Minister-designate Charanjit Singh Channi pic.twitter.com/QuM1ntZGTS
— ANI (@ANI) September 19, 2021
चन्नी दलित सिख समुदाय से आते हैं और अमरिंदर सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री थे। वह रूपनगर जिले के चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वह शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन के शासनकाल के दौरान साल 2015-16 में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी थे।
विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले चन्नी को मुख्यमंत्री बनाकर कांग्रेस सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश में है। प्रदेश में 30 प्रतिशत से अधिक दलित आबादी है। अमरिंदर सिंह ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और कहा था कि विधायकों की बार-बार बैठक बुलाए जाने से उन्होंने अपमानित महसूस किया, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया।
चन्नी को बधाई, हमें पंजाब के लोगों से किये वादों को पूरा करना जारी रखना है: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब में पार्टी विधायक दल का नया नेता चुने जाने पर चरणजीत सिंह चन्नी को बधाई दी और कहा कि राज्य के लोगों से किये गए वादों को पूरा करना जारी रखना है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘चरणजीत सिंह चन्नी जी को नयी जिम्मेदारी को लेकर बधाई।
हमें पंजाब के लोगों से किये गए वादों को लगातार पूरा करना जारी रखना है। विश्वास ही सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है।’’ चन्नी को रविवार को पार्टी विधायक दल का नया नेता चुना गया और अब वह राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे।