पंजाब कांग्रेसः कल कार्यभार संभालेंगे नवजोत सिंह सिद्धू, सीएम अमरिंदर सिंह रहेंगे मौजूद, जानें सबकुछ
By सतीश कुमार सिंह | Published: July 22, 2021 04:01 PM2021-07-22T16:01:22+5:302021-07-22T16:02:45+5:30
अगले विधानसभा चुनावों में नवजोत सिंह सिद्धू की सहायता के लिए चार कार्यकारी अध्यक्षों संगत सिंह गिलजियां, सुखविंदर सिंह डैनी, पवन गोयल, कुलजीत सिंह नागरा को भी नियुक्त किया था।
चंडीगढ़ः पंजाबकांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और चार अन्य कार्यकारी अध्यक्ष कल (23 जुलाई) यहां अपना-अपना कार्यभार संभालेंगे। सूत्रों ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के पदभार ग्रहण करने पर मौजूद रहने की संभावना है।
पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू 23 जुलाई को कार्यभार संभालेंगे। उन्होंने सीएम अमरिंदर सिंह को करीब 65 विधायकों के हस्ताक्षर वाला आमंत्रण भेजा था। सिद्धू ने पंजाब के एआईसीसी प्रभारी हरीश रावत को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया है।
Punjab CM Captain Amarinder Singh likely to be present when newly-appointed state Congress chief Navjot Singh Sidhu assumes office tomorrow: Sources https://t.co/C3yvLEfHbr
— ANI (@ANI) July 22, 2021
सिद्धू मौजूदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ की जगह लेंगे। सिद्धू और अमरिंदर सिंह के बीच पिछले कुछ समय से तकरार चल रही है। अमृतसर (पूर्व) के विधायक ने हाल में मुख्यमंत्री पर बेअदबी के मामलों को लेकर निशाना साधा था। मुख्यमंत्री राज्य कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में सिद्धू की नियुक्ति के भी खिलाफ थे।
सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह उनसे तब तक नहीं मिलेंगे जब तक कि सिद्धू उनके खिलाफ अपने ‘‘अपमानजनक’’ ट्वीट के लिए माफी नहीं मांगते हैं। पार्टी के एक नेता ने बुधवार को अमृतसर में संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री से कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि प्रदेश इकाई के नवनियुक्त प्रमुख और चार कार्यकारी अध्यक्षों की ओर से मुख्यमंत्री को न्योता भेजा जाना तय है। सूत्रों ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) में पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश रावत और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के कड़े विरोध के बावजूद सोनिया गांधी ने रविवार को सिद्धू को पार्टी की पंजाब इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया था।