पंजाबः सीएम के नाम पर नहीं बनी सहमति, पंजाब कांग्रेस विधायक दल की प्रस्तावित बैठक हुई स्थगित
By अनिल शर्मा | Published: September 19, 2021 12:09 PM2021-09-19T12:09:42+5:302021-09-19T12:17:03+5:30
अमरिंदर सिंह ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़, मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के साथ ही तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा और सुखजिंदर सिंह रंधावा के नाम भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में माने जा रहे हैं।
चंडीगढ़ः कांग्रेस की पंजाब इकाई के विधायक दल की रविवार सुबह 11 बजे होने वाली बैठक स्थगित कर दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक विधायक दल के नए नेता के नाम पर अभी आम सहमति नहीं बन पाई है। पार्टी के एक नेता ने जानकारी दी कि कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक स्थगित कर दी गई। कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि विधायक दल के नए नेता के नाम पर अभी आम सहमति नहीं बन पाई है।
उल्लेखनीय है अमरिंदर सिंह ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़, मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के साथ ही तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा और सुखजिंदर सिंह रंधावा के नाम भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में माने जा रहे हैं। पार्टी के एक नेता ने कहा, ‘‘पार्टी नेतृत्व जो भी निर्णय लेगा, हम उसे मानेंगे।’’ कांग्रेस महासचिव एवं पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश रावत तथा पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक अजय माकन व हरीश चौधरी इस समय चंडीगढ़ में हैं।
उधर कांग्रेस नेता व राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, "मुझे उम्मीद है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह जी कांग्रेस पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाला कोई कदम नहीं उठाएंगे..वह पार्टी के एक सम्मानित नेता हैं और मुझे उम्मीद है कि वह पार्टी के हितों को आगे रखते हुए काम करते रहेंगे।