मुंबई फुटओवर ब्रिज हादसे पर पीएम मोदी-राहुल गांधी ने जताया दुख, कही ये बात
By लोकमत समाचार ब्यूरो | Published: March 15, 2019 04:19 AM2019-03-15T04:19:51+5:302019-03-15T04:19:51+5:30
दक्षिणी मुंबई में एक रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार शाम पैदल पार (फुट ओवर) पुल का बड़ा हिस्सा ढह जाने से पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 32 अन्य घायल हो गए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को मुंबई में फुट ओवर पुल गिरने से लोगों की मौत होने पर शोक जताया।
दक्षिण मुंबई में हुए हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है जबकि 29 लोग घायल हैं।
मोदी ने ट्वीट किया है, ‘‘मुंबई में फुट ओवर पुल ढहने से लोगों की मौत से शोकाकुल हूं। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता मुहैया करा रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुंबई में एक रेलवे फुट ओवर ब्रिज के ढहने की घटना पर दुख जताया है।
गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, 'मुंबई फुटओवर ब्रिज हादसे की ख़बर से मुझे बेहद दुःख हुआ है। मृतकों के परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी शोक और संवेदना व्यक्त करता हूँ। ' उन्होंने कहा, ‘‘जो घायल हैं उन्हें जल्द से जल्द राहत मिले मेरी ये प्रार्थना है।’’ मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के पास एक फुटओवर ब्रिज गिर गया, जिसमें पांच लोगों की मौत और 36 कई के घायल होने की खबर है।