परमबीर सिंह पहुंचे मुंबई, अपराधा शाखा के समक्ष हुए पेश

By भाषा | Published: November 25, 2021 12:29 PM2021-11-25T12:29:14+5:302021-11-25T12:29:14+5:30

Parambir Singh reached Mumbai, appeared before the crime branch | परमबीर सिंह पहुंचे मुंबई, अपराधा शाखा के समक्ष हुए पेश

परमबीर सिंह पहुंचे मुंबई, अपराधा शाखा के समक्ष हुए पेश

मुंबई, 25 नवंबर मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह बृहस्पतिवार को यहां पहुंचने के बाद अपराध शाखा के समक्ष पेश हुए। मुंबई की एक अदालत ने उन्हें भगोड़ा घोषित किया है और उन्हें जांच में शामिल होने का निर्देश भी दिया था।

एक अधिकारी ने बताया कि सिंह चंडीगढ़ से यहां पहुंचे हैं। ‘‘ वह आदेश के अनुरूप जांच का हिस्सा बनने के लिए यहां पहुंचे हैं और जांच में सहयोग करेंगे।’’

सिंह ने यहां पहुंचते ही पत्रकारों से कहा था, ‘‘ मैं अदालत के निर्देश के अनुरूप जांच का हिस्सा बनूंगा।’’

अधिकारी ने बताया कि हवाई अड्डे से निकलने के बाद सिंह मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की इकाई-11 के समक्ष पेश हुए। गोरेगांव थाने में दर्ज रंगदारी के मामले में उनका यहां बयान दर्ज किया जाएगा।

उच्चतम न्यायालय ने सिंह को गिरफ्तारी से फिलहाल संरक्षण प्रदान किया है।

गौरतलब है कि उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर ‘एंटीलिया’ के बाहर एक गाड़ी से विस्फोटक मिलने के बाद दर्ज मामले में मुंबई पुलिस के अधिकारी सचिन वाजे की गिरफ्तारी के बाद सिंह को मार्च 2021 में मुंबई पुलिस आयुक्त पद से हटा दिया गया था। इसके बाद सिंह को होम गार्ड्स का महानिदेशक नियुक्त किया था। सिंह ने महाराष्ट्र के तत्कालीन गृह मंत्री अनिल देशमुख पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे जिसे देशमुख ने खारिज किया था। देशमुख बाद में मंत्री पद से हट गए और केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सिंह के आरोपों पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था।

परमबीर सिंह आखिरी बार सात अप्रैल को सार्वजनिक तौर पर दिखे थे। वह चार मई को कार्यालय आए और उसके बाद स्वास्थ्य कारणों से छुट्टी पर चले गए थे। पुलिस ने 20 अक्टूबर को बताया कि सिंह का कोई अता-पता नहीं है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Parambir Singh reached Mumbai, appeared before the crime branch

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे