वंदे भारत अभियान के जरिए अब तक 4.75 लाख भारतीय विदेश से लौटे, चौथे फेज में चलेंगी 500 से ज्यादा फ्लाइटें
By भाषा | Published: July 3, 2020 05:22 AM2020-07-03T05:22:39+5:302020-07-03T05:22:39+5:30
भारत सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के कारण लगाए गए लॉकडाउन में विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को देश वापस लाने के लिए वंदे भारत अभियान शुरू किया था।
नई दिल्ली।कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर विदेश में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए सात मई को शुरू किए गए वंदे भारत अभियान के जरिए अब तक 4.75 लाख से अधिक लोगों को वतन वापस लाया गया है। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
वंदे भारत अभियान बृहस्पतिवार से अपने चौथे चरण में प्रवेश कर गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, '' एक जुलाई तक, वतन वापसी के इच्छुक कुल 5,83,109 भारतीयों ने विदेश में हमारे दूतावासों में पंजीकरण कराया था, जिनमें से इस अभियान के तहत 4,75,000 से अधिक लोगों को वापस लाया जा चुका है।''
चौथे चरण में होगा 500 से अधिक उड़ानों का संचालन
उन्होंने कहा कि इस संख्या में से करीब 90,000 भारतीयों को जमीनी सीमा आव्रजन जांच चौकियों के जरिए नेपाल, भूटान और बांग्लादेश से वापस लाया गया। श्रीवास्तव ने कहा कि अभियान के चौथे चरण में संचालित होने वाली उड़ानों की सूची मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है और इसे लगातार अपडेट किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ''वंदे भारत अभियान के अंतर्गत चौथे चरण में हम 500 से अधिक उड़ानों का संचालन करेंगे। इसमें एअर इंडिया और निजी विमानन कंपनियां दोनों शामिल हैं।''
भारत में 6.04 लाख से ज्यादा लोग हो चुके हैं संक्रमित
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार भारत में अब तक 604641 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें से 17834 लोग इस महामारी के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। भारत में अब तक 359859 लोग कोविड-19 से ठीक हो चुके हैं और एक व्यक्ति देश से बाहर जा चुका है। भारत में कोरोना के 226947 एक्टिव मरीज मौजूद हैं।