पिछले 50 वर्षों में अत्यधिक प्रतिकूल मौसम के कारण 1.4 लाख से अधिक लोगों की मौत हुई : रिपोर्ट
By भाषा | Published: March 1, 2021 10:38 PM2021-03-01T22:38:44+5:302021-03-01T22:38:44+5:30
नयी दिल्ली, एक मार्च मौसम की अत्यधिक प्रतिकूल घटनाओं (ईडब्ल्यूई) के कारण पिछले 50 वर्षों में 1.4 लाख से अधिक लोगों की मौत हुई है। देश के शीर्ष मौसम विज्ञानियों द्वारा तैयार एक पत्र के मुताबिक लू और बिजली गिरने जैसी घटनों के कारण ये मौतें हुई हैं।
पत्र में यह भी कहा गया है कि 1970 से 2019 के बीच लू, शीतलहर, बाढ़, बिजली गिरने और चक्रवातीय तूफान जैसी मौसम की 7063 प्रतिकूल घटनाएं हुईं।
इसमें आंध्रप्रदेश, बिहार, ओडिशा, असम, महाराष्ट्र, केरल और पश्चिम बंगाल जैसे उच्च जनसंख्या घनत्व वाले राज्यों में एक कार्ययोजना बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया गया है जहां ईडब्ल्यूई के कारण मरने वालों की संख्या सबसे अधिक रही।
पत्र में कहा गया है, ‘‘पिछले 50 वर्षों में (1970- 2019) 7063 ईडब्ल्यूई हुईं। इन 7063 घटनाओं में से 1,41,308 लोगों की मौत हुई और प्रति घटना में औसतन 20 जानें गईं।’’
पत्र में कहा गया है कि बाढ़ की 3175 घटनाओं में 65,130 लोगों की मौत हुई, चक्रवातीय तूफान की 117 घटनाओं में 40,358 लोगों की जान गई। इसमें कहा गया है कि लू चलने की 706 घटनाएं हुईं जिनमें 17,362 लोगों की मौत हुई।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।