लड़कियों की शादी की उम्र की समीक्षा कर रही मोदी सरकार, पीएम ने कहा- जल्द करेंगे फैसला
By प्रिया कुमारी | Published: August 15, 2020 11:22 AM2020-08-15T11:22:53+5:302020-08-15T11:22:53+5:30
लड़कियों की शादी की उम्र को लेकर मोदी सरकार समीक्षा रही है, लड़कियों की शादी की सही आयु क्या हो, इसके लिए हमने कमेटी बनाई है, जल्द मोदी सरकार इस पर फैसला करेगी।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली के लाल किले से संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत और लद्दाख में चीन के साथ चल रहे तनातनी जैसे मुद्दे के बारे में जिक्र किया। उन्होंने अपने भाषण में देश की बेटियों को भी सलाम किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा है कि सरकार लड़कियों की शादी की उम्र को लेकर समीक्षा कर रही है, इस पर जल्द फैसला आएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि लड़कियों की शादी की सही आयु क्या हो, इसके लिए हमने कमेटी बनाई है, उसकी रिपोर्ट आते ही बेटियों की शादी की उम्र को लेकर भी उचित फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने कहा जनधन खाते का जिक्र करते हुए कहा कि देश के जो 40 करोड़ जनधन खाते खुले हैं, उसमें से लगभग 22 करोड़ खाते महिलाओं के ही हैं।
उन्होंने कहा कोरोना के समय में अप्रैल-मई-जून, इन तीन महीनों में महिलाओं के खातों में करीब-करीब 30 हजार करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए हैं। आज भारत में महिलाएं अंडरग्राउंड कोयला खदानों में काम कर रही हैं तो लड़ाकू विमानों से आसमान की बुलंदियों को भी छू रही हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारा अनुभव कहता है कि भारत में महिला शक्ति को जब भी अवसर मिले, उन्होंने देश का नाम रोशन किया, देश को मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को सैलरी के साथ 6 महीने की छुट्टी देने के फैसले की बात हो, हमारी देश की महिलाएं जो तीन तलाक के कारण पीड़ित रहती थीं, ऐसे महिलाओं को आजादी दिलाने का काम हो, सरकार ने इसपर काम किया है। गरीब बेटियों के स्वास्थ्य की चिंता भी हमारी सरकार कर रही है। उस पर भी काम चल रहा है।