उत्तर भारत में गर्म मौसम का तांडव, धरती आग उगल रही है, लू ने उत्तर से लेकर मध्य भारत में लोगों को बेहाल किया
By सतीश कुमार सिंह | Published: June 4, 2019 07:32 PM2019-06-04T19:32:02+5:302019-06-04T19:32:02+5:30
राजधानी दिल्ली में भी तापमान का बुरा हाल है। ये सामान्य से 6 डिग्री अधिक है। राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को भी भीषण गर्मी का सितम जारी रहा। राज्य के पश्चिमी इलाकों और पूर्वी इलाकों के मैदानी भागों में लू चलने से आमजनजीवन प्रभावित हुआ।
उत्तर भारत में गरम मौसम का तांडव पूरे जोर शोर से चल रहा है। धरती जैसे आग उगल रही है। लू ने उत्तर से लेकर मध्य भारत में लोगों को बेहाल कर दिया है। पूरा उत्तर भारत ज़बरदस्त गर्मी की चपेट में है।
Heat Wave Warning for next 5 days. pic.twitter.com/ijK2FvMPmV
— India Met. Dept. (@Indiametdept) June 4, 2019
राजस्थान में भीषण गर्मी और लू के चलते हालात ख़राब हैं। राजधानी दिल्ली में भी तापमान का बुरा हाल है। ये सामान्य से 6 डिग्री अधिक है। राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को भी भीषण गर्मी का सितम जारी रहा। राज्य के पश्चिमी इलाकों और पूर्वी इलाकों के मैदानी भागों में लू चलने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
हरियाणा, पंजाब में कई जगहों पर लू का प्रकोप जारी
पंजाब और हरियाणा में कई जगहों पर मंगलवार को भी लू का प्रकोप जारी रहा। हालांकि, जिन इलाकों में हल्की बूंदा-बांदी हुई, वहां लोगों को चिलचिलाती धूप से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने कहा कि हरियाणा के नारनौल में अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
यह सामान्य से चार डिग्री ऊपर है। हिसार में , भी कुछ इसी तरह का हाल रहा। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि भिवानी में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अंबाला में हल्की बूंदा - बांदी के चलते लोगों को थोडी़ राहत मिली।
यहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य तापमान है। पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में तेज हवाओं , धूल भरी आंधी और बारिश के चलते अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं , पंजाब में अमृतसर , लुधियाना और पटियाला में तापमान क्रमश : 40.2 डिग्री, 40.4 डिग्री और 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान के आसपास ही है। मौसम विभाग ने पंजाब और हरियाणा में पांच और छह जून को अलग-अलग स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ आंधी की आशंका जताई है। विभाग के अनुमान के मुताबिक, दोनों राज्यों में विभिन्न स्थानों पर शुक्रवार तक हल्की बारिश होने की संभावना है।
Heatwave continues in Jammu as temperature touches 43 degrees Celcsius in the city. pic.twitter.com/BdYQrrjB6I
— ANI (@ANI) June 4, 2019
मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि चूरू में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस,कोटा में 47.3 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 46.8 डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में 46.5 डिग्री सेल्सियस, राजधानी जयपुर में 45 डिग्री सेल्सियस, और बाडमेर में 44.9 डिग्री सेल्सियस, अजमेर में 44.5 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने आगामी 48 घंटों के दौरान राज्य में भीषण गर्मी का दौर जारी रहने और कुछ मैदानी हिस्सों में धूलभरी आंधी चलने की संभावना जताई है।
राजधानी दिल्ली भी ज़बर्दस्त लू के कहर से जूझ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 6 जून तक ऐसे ही हालात बने रह सकते हैं। ज़बरदस्त गरमी का कहर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान, यूपी और एमपी और झारखंड के कुछ हिस्सों में जारी है।