नोएडा: 'टाइम बम' जैसी वस्तु दिखने से मची अफरा-तफरी, लोगों में दहशत का माहौल
By राजेन्द्र सिंह गुसाईं | Published: January 22, 2021 12:16 PM2021-01-22T12:16:13+5:302021-01-22T12:25:03+5:30
नोएडा में शुक्रवार सुबह बीच सड़क बम जैसी वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल यहां ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया लेकिन...
नोएडा सेक्टर-63 में शुक्रवार (22 जनवरी) को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सुबह राहगीरों को 'टाइम बम' जैसी कोई वस्तु नजर आई। यह घटना थाना फेस-3 क्षेत्र के छिजारसी गांव के पास की है। इसके बाद आनन-फानन में बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया, जिसके बाद दस्ते ने जांच के बाद पुष्टि की कि यह कोई विस्फोटक वस्तु नहीं है।
छिजारसी गांव के पास मिली संदिग्ध वस्तु
पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने बताया कि एक ऑटो चालक ने आज सुबह नोएडा पुलिस को सूचना दी कि छिजारसी गांव के पास उसने बम जैसी कोई वस्तु देखी है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर बम निरोधक दस्ते को, डॉग स्क्वाड तथा पुलिस के आला अधिकारियों को भेजा गया।
A suspicious device found in Sector 63 area of Gautam Buddh Nagar
— ANI UP (@ANINewsUP) January 22, 2021
"We cordoned off the area. Expert teams reached here. Prima facie, it appears to be neither an explosive nor a detonator. Bomb Disposal Squad diffused it," says Alok Singh, Police Commissioner, Gautam Buddh Nagar pic.twitter.com/KT4NS3P9JQ
विस्फोटक नहीं है संदिग्ध वस्तु
आलोक सिंह ने बताया कि बम निरोधक दस्ते ने जांच की तो पता चला कि बम जैसे दिखने वाली वस्तु कोई विस्फोटक नहीं है। उक्त वस्तु को मौके से हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि बम जैसी वस्तु होने की सूचना मिलने से औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को काफी देर तक यातायात का मार्ग भी बदलना पड़ा।
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर मुस्तैदी
सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस से पहले सुरक्षा को लेकर पुलिस काफी सतर्क है तथा लोगों से अपील की जा रही है कि कोई भी संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो वह तुरंत पुलिस को सूचना दें।
मालूम हो कि बुधवार को नोएडा के सेक्टर 27 स्थित कैलाश अस्पताल में बम होने की सूचना पुलिस को मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने करीब तीन घंटे तक अस्पताल में छानबीन की। बाद में पता चला कि यह सूचना फर्जी थी।
(भाषा इनपुट के साथ)