हाईकोर्ट पहुंचे आर्यन खान, ड्रग्स केस में 25 दिन तक जेल में रहे थे, जानें क्या है मामला
By आजाद खान | Published: December 10, 2021 05:55 PM2021-12-10T17:55:03+5:302021-12-10T18:15:30+5:30
आर्यन खान की गिरफ्तारी के बाद देशभर में उनके पक्ष और विरोध में कई लोगों ने अभियान चलाया था।
भारत: ड्रग्स केस में अक्टूबर में गिरफ्तार हुए बॉलीवुड अभिनेता शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान ने शुक्रवार को जमानत की शर्तों में संशोधन के लिए फिर से बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने कोर्ट से अपनी जमानत की शर्तों में कुछ छूट दिए जाने की मांग की है। अब इस पर कोर्ट सुनवाई करेगा। पिछले महीने उनको 25 दिन तक जेल में रहने के बाद जमानत दी गई थी।
मुंबई के तट पर रेव पार्टी में 2 अक्टूबर को हुए थे गिरफ्तार
इसके लिए उन्हें 14 शर्तों को पूरा करने के लिए कहा गया था। जिनमें एक लाख रुपये के निजी मुचलके का भुगतान और मुंबई के एनसीबी दफ्तर में हर सप्ताह हाजिरी लगाना भी शामिल था। उन्हें मुंबई के तट पर रेव पार्टी में 2 अक्टूबर को एनसीबी की छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया था। हालांकि आर्यन खान का कहना था कि वे निर्दोष हैं, उन्हें फंसाया गया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद देशभर में उनके पक्ष और विरोध में कई लोगों ने अभियान चलाया था।
क्या कहा गया था आर्यन खान को
बता दें कि आर्यन को इन शर्तों को पूरा करने को कहा गया था।
1. आरोपी को अपना पासपोर्ट स्पेशल कोर्ट में सरेंडर करना होगा।
2. आरोपी, गवाह को प्रभावित करने या सबूतों से छेड़छाड़ करने का कोई प्रयास नहीं करेगा।
3. आरोपी सह-अभियुक्त प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल किसी अन्य व्यक्ति के साथ बातचीत का कोई प्रयास नहीं करेगा।
4. आरोपी ग्रेटर मुंबई में एनडीपीएस के स्पेशल जज की पूर्व अनुमति के बिना देश नहीं छोड़ सकता।
5. आरोपी को हर शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक एनसीबी मुंबई कार्यालय में उपस्थित होना होगा।