महाराष्ट्रः मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने दिया इस्तीफा, विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: July 7, 2019 03:14 PM2019-07-07T15:14:33+5:302019-07-07T16:10:23+5:30
मिलिंद देवड़ा को लोकसभा चुनाव से पहले मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान संभाली थी। लोकसभा चुनाव में मिलिंद देवड़ा दक्षिण मुंबई से कांग्रेस उम्मीदवार थे।
कांग्रेस में इस्तीफों का दौर जारी है। इसी बीच मुंबईकांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मिलिंद देवड़ा ने ऐसे समय पर इस्तीफा दिया है जब महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने वाला है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका निभाने की आशा करते हैं।
देवड़ा ने इस साल के आखिर में होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव तक नगर पार्टी इकाई के कामकाज की देखरेख के लिए कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेताओं की सदस्यता वाली एक अस्थायी सामूहिक नेतृत्व (समिति) गठित करने की सिफारिश की है। हालांकि, उन्होंने कहा, ‘‘...मैं मुंबई कांग्रेस को दिशानिर्देश देना और एकजुट करना जारी रखूंगा।’’
बता दें कि मिलिंद देवड़ा को लोकसभा चुनाव से पहले मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान संभाली थी। लोकसभा चुनाव में मिलिंद देवड़ा दक्षिण मुंबई से कांग्रेस उम्मीदवार थे। शिवसेना के 68 वर्षीय अरविंद सावंत ने कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा को 1,00,067 वोट से हराया था।
Mumbai Congress President Milind Deora tenders his resignation from his post. He has also proposed a three member panel to lead Mumbai Congress for the upcoming Maharashtra Assembly elections. (file pic) pic.twitter.com/aPmfaF1LCt
— ANI (@ANI) July 7, 2019
देवड़ा के कार्यालय ने रविवार को एक बयान जारी किया और कहा कि भाजपा-शिवसेना का मुकाबला करना और ‘वंचित बहुजन आघाडी’ (प्रकाश आंबेडकर के नेतृत्व वाला समूह) के प्रभाव को अस्वीकार करना एक चुनौती है।
उन्होंने 26 जून को नयी दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद यह पद फौरन छोड़ने की इच्छा जताई थी। बयान में कहा गया है, ‘‘इस बात से अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव मल्लिकार्जुन खड़गे और के सी वेणुगोपाल को अवगत करा दिया गया है।’’ संपर्क किए जाने पर देवड़ा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद राजनीतिक हकीकत बदल चुकी है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी को वक्त की दरकार के मुताबिक भूमिकाएं निभाने के लिए तैयार होना होगा।’’ इस साल हुए लोकसभा चुनाव से ठीक पहले देवड़ा को मुंबई कांग्रेस प्रमुख नियुक्त किया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पार्टी को एकजुट करने के लिए एमआरसीसी की अध्यक्षता करना स्वीकार किया था। मैंने राहुल गांधी से मिलने के बाद महसूस किया कि मुझे इस्तीफा दे देना चाहिए।’’
मिलिंद देवड़ा के बारे में
मिलिंद देवड़ा का जन्म 4 दिसंबर 1976 को मुंबई में हुआ। इनके पिता मुरली देवड़ा जो कांग्रेस के पूर्व नेता थे और माता देवड़ा एक गृहणी हैं। देवड़ा ने अमेरिका में बोस्टन यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया। 9 नवंबर 2008 को उन्होंने फ़िल्म निर्माता मनमोहन शेट्टी की पुत्री पूजा शेट्टी से शादी किया।
मिलिंद देवड़ा ने सर्वप्रथम मिलिंद 2004 लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल हुई। उन्होंने 2004 के चुनाव में भाजपा के जयवंतीबेन मेहता को 10,000 वोटों के अंतर से हराया था। इसके बाद मिलिंद देवड़ा 2009 लोकसभा चुनाव में फिर से विजय हुए। 31 अगस्त 2009 को उन्होंने केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी समिति का सदस्य घोषित किया गया।
राहुल गांधी के बाद कांग्रेस में इस्तीफों का दौरा
मालूम हो कि हाल ही में राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद AICC के महासचिव हरीश रावत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। हरीश रावत ने साल 2019 के लोकसभा चुनावों में पार्टी की हार को जिम्मेदार ठहराया। मालूम हो कि 2019 लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड की पांच सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की थी । वहीं, 2014 चुनाव में भी यहां की सभी सीटों पर बीजेपी ने अपना परचम फहराया था।
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौहान ने दिया इस्तीफा
इससे पहले कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौव्हाण ने अपने पद से इस्तीफा दिया। जिसे पार्टी द्वारा स्वीकार कर लिया है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चव्हाण के स्थान पर नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा एक या दो दिन में की जाएगी।
(पीटीआाई भाषा से इनपुट)