मुख्तार अब्बास नकवी ने मोदी मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया, क्या मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी? अटकलें तेज
By विनीत कुमार | Published: July 6, 2022 04:59 PM2022-07-06T16:59:46+5:302022-07-06T17:45:33+5:30
नरेंद्र मोदी सरकार में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रहे मुख्तार अब्बास नकवी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मोदी कैबिनेट की बुधवार को हुई बैठक के बाद से ही नकवी के इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई थी।
नई दिल्ली: पिछले कुछ दिनों से जारी अटकलों के बीच केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वहीं, सूत्रों के अनुसार इंस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ने भी इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले दिन में नकवी के भाजपा के अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की खबरें भी आई थी।
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब बुधवार को ही हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश और लोगों की सेवा में नकवी के योगदान की सराहना की। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री ने मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान, केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के योगदान की भी सराहना की।
पीएम द्वारा दोनों नेताओं की सराहना को इस बात के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा था कि वह दोनों केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दें। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद नकवी ने पार्टी मुख्यालय में नड्डा से मुलाकात की।
नकवी का राज्यसभा कार्यकाल 7 जुलाई को हो रहा खत्म
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं में क्या और किस मुद्दे पर बात हुई इस बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया गया। हालांकि सूत्रों का कहना है कि इस दौरान नकवी की भावी भूमिका को लेकर चर्चा हुई।
नकवी का राज्यसभा में भी कार्यकाल इसी साल सात जुलाई यानी गुरुवार को समाप्त हो रहा है। पिछले दिनों राज्यसभा के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने उन्हें कहीं से उम्मीदवार नहीं बनाया था। तभी से ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी उन्हें कोई नयी भूमिका सौंप सकती है।
बताते चलें कि उप-राष्ट्रपति पद के चुनाव होना है। ऐसी अटकलें हैं कि नकवी का नाम एनडीए की ओर से आगे बढ़ाया जा सकता है।
उपराष्ट्रपति के रूप में एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। उपराष्ट्रपति पद चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 19 जुलाई है। जरूरत पड़ने पर चुनाव 6 अगस्त को होंगे। खास बात ये भी है कि नकवी और राजनाथ सिंह ही पीएम मोदी की सरकार में वो केवल दो चेहरे हैं जो अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में भी थे।
(भाषा इनपुट)