देश के प्रथम प्रधानमंत्री नेहरू को कांग्रेसी नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, पीएम मोदी ने भी किया ये ट्वीट
By भाषा | Published: November 14, 2018 11:06 AM2018-11-14T11:06:41+5:302018-11-14T11:06:41+5:30
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
नई दिल्ली, 14 नवंबरः पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुखर्जी, अंसारी, सिंह और सोनिया सुबह शांति वन पहुंचे और नेहरू की समाधि पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद, कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत, वरिष्ठ नेता पी सी चाको और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने भी नेहरू को श्रद्धांजलि दी।
देश के पहले प्रधानमंत्री नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को हुआ था। वह 15 अगस्त, 1947 से 27 मई 1964 को अपने निधन तक स्वतन्त्र भारत के पहले प्रधानमंत्री रहे। नेहरू के जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश के प्रथम प्रधानमंत्री के योगदानों को याद किया।
Remembering our first Prime Minister, Pandit Jawaharlal Nehru on his birth anniversary. We recall his contribution to our freedom struggle and during his tenure as Prime Minister.
— Narendra Modi (@narendramodi) November 14, 2018
14 नवंबर 1889 को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में जन्मे जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से खासा लगाव था और बच्चे उन्हें ‘‘चाचा नेहरू’’ कहकर पुकारते थे। भारत में 1964 से पहले तक बाल दिवस 20 नवंबर को मनाया जाता था, लेकिन जवाहरलाल नेहरू के निधन के बाद उनके जन्मदिन अर्थात 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया गया। कई देशों में एक जून को बाल दिवस के तौर पर मनाया जाता है। कुछ देश संयुक्त राष्ट्र की घोषणा के अनुरूप 20 नवंबर को बाल दिवस मनाते हैं।