मोदी ने दी श्यामजी कृष्ण वर्मा को श्रद्धांजलि
By भाषा | Published: September 14, 2021 08:44 PM2021-09-14T20:44:58+5:302021-09-14T20:44:58+5:30
लखनऊ, 14 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने के बाद क्रांतिकारी श्यामजी कृष्ण वर्मा को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मोदी ने कहा, ‘‘राजा महेंद्र प्रताप सिंह प्रथम विश्वयुद्ध के दौरान श्यामजी कृष्ण वर्मा और लाला हरदयाल से खास तौर पर मिलने के लिए यूरोप गए थे। उनकी बैठक का परिणाम यह रहा कि अफगानिस्तान में राजा महेंद्र प्रताप की अगुवाई में भारत की पहली निर्वासित सरकार का गठन हुआ।"
उन्होंने कहा, "यह मेरा सौभाग्य है कि जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था तो मैं 73 वर्ष के बाद श्यामजी कृष्ण वर्मा की अस्थियों को वापस लाने में सफल रहा। अगर आप कच्छ जाएं और फिर मांडवी जाएं तो वहां आपको श्यामजी कृष्ण वर्मा का प्रेरणादायक स्मारक मिलेगा। वहीं उनका अस्थि कलश रखा गया है। उनकी स्मृतियां हमें भारत माता के लिए जीवित रहने के लिए प्रेरित करती हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।