एनआईए के मामले में वांछित माओवादी केरल में गिरफ्तार
By भाषा | Published: September 14, 2021 04:13 PM2021-09-14T16:13:20+5:302021-09-14T16:13:20+5:30
मलप्पुरम (केरल), 14 सितंबर केरल पुलिस की आतंक रोधी शाखा (एटीएस) ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के कार्यकर्ता सी पी उस्मान को गिरफ्तार किया है जो राज्य में प्रतिबंधित संगठन की गतिविधियां चलाने के आरोप में 2019 में दर्ज एक मामले में वांछित था। पुलिस के एक सूत्र ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सूत्र ने अधिक विवरण न देते हुए पीटीआई-भाषा से कहा, “उसे जिले से एटीएस ने गिरफ्तार किया है।” उस्मान पिछले कई वर्षों से फरार था।
केरल में सीपीआई (माओवादी) की गतिविधियां चलाने के आरोप में अल्लान शोएब, थ्वहा फैसल और सी पी उस्मान के विरुद्ध कोझिकोड के पंथीरनकवु पुलिस थाने में नवंबर 2019 में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) कर रहा है।
अल्लान और थ्वहा के अलावा एनआईए ने विजित विजयन को भी गिरफ्तार किया था जो माओवादी समूह के एक अन्य सदस्य था। उन पर भारतीय दंड संहिता और गैर कानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।