BJP ने कहा- शिवसेना अपने विचार व्यक्त करने और अपना मुख्यमंत्री होने की इच्छा जताने के लिए है स्वतंत्र
By भाषा | Published: October 14, 2019 01:48 AM2019-10-14T01:48:15+5:302019-10-14T06:12:29+5:30
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रभारी यादव, शिवसेना के नेताओं की उन टिप्पणियों के बारे में पूछे गये सवालों का जवाब दे रहे थे, जिनमें उन्होंने कहा था कि भविष्य में महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री उनकी पार्टी से होगा।
भाजपा के महासचिव भूपेन्द्र यादव ने कहा है कि शिवसेना अपने विचार व्यक्त करने और अपना मुख्यमंत्री होने की इच्छा जताने के लिए स्वतंत्र है लेकिन विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के नेतृत्व में लड़ा जा रहा है और यह बात सहयोगियों को बता दी गई है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रभारी यादव, शिवसेना के नेताओं की उन टिप्पणियों के बारे में पूछे गये सवालों का जवाब दे रहे थे, जिनमें उन्होंने कहा था कि भविष्य में महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री उनकी पार्टी से होगा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अपनी आकांक्षाओं को लेकर बात करने को स्वतंत्र है।
यादव ने कहा, ‘‘प्रत्येक पार्टी अपने भविष्य के बारे में बात कर सकती है और अपनी आकांक्षाओं को व्यक्त कर सकती है। लेकिन यह चुनाव महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के नेतृत्व में लड़ा जा रहा है। यह बात पूरे गठबंधन को स्पष्ट कर दी गई है।’’
सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी राजनीति में विश्वास करती है ‘‘ जहां उसके सहयोगियों के लिए भूमिका और स्थान हो।’’ उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को बहुमत मिलेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन बहुत मजबूत है और चुनावों में उसे तीन चौथाई बहुमत मिलेगा।’’ मराठा आरक्षण के बारे में बात करते हुए यादव ने कहा कि पार्टी विपक्षी दलों के विपरीत समाज के चहुंमुखी विकास में विश्वास करती है।