महाराष्ट्र, हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए मतदान कल, जानें 2014 विधानसभा चुनावों में कैसा था किसका प्रदर्शन
By अभिषेक पाण्डेय | Published: October 20, 2019 04:16 PM2019-10-20T16:16:05+5:302019-10-20T16:16:05+5:30
Maharashtra, Haryana Assembly elections 2019: महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए 21 अक्टूबर को होगा मतदान, 24 को मतगणना
महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए मतदान 21 अक्टूबर को होगा जबकि मतगणना 24 अक्टूबर को होगी। इन दोनों ही राज्यों में सत्तारूढ़ बीजेपी की नजरें दोबारा सत्ता में वापसी पर हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों और हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों पर चुनाव हो रहा है। महाराष्ट्र में मुख्य मुकाबला सीएम देवेंद्र फड़नवीस की अगुवाई वाले बीजेपी-शिवसेना गठबंधन और कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के बीच है, जबकि हरियाणा में बीजेपी की नजरें सीएम मनोहर लाल खट्टर की अगुवाई में दोबारा सरकार बनाने पर है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: 2014 में कैसा रहा था किसका प्रदर्शन
2014 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला था। इन चुनावों में बीजेपी, शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी सभी ने अकेले चुनाव लड़ा था।
इन चुनावों में राज्य की 288 सीटों में से बीजेपी को 122, शिवसेना को 63, कांग्रेस को 42 और एनसीपी को 41 और अन्य को 20 सीटें मिली थी। बहुमत के आंकड़े से 22 सीट दूर रहने के बाद बीजेपी ने शिवसेना के साथ मिलकर सरकार बनाई थी।
2019 लोकसभा चुनावों में राज्य की 48 में से 41 सीटों पर बीजेपी-शिवसेना गठबंधन ने जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को महज 5 सीटें ही मिल पाई थीं।
2011 के जनगणा के मुताबिक महाराष्ट्र की जनसंख्या 11.91 करोड़ है और राज्य में 8.9 करोड़ मतदाता 21 अक्टूबर को राज्य की अगली सरकार के भविष्य का फैसला करेंगे।
हरियाणा विधानसभा चुनाव: 2014 में कैसा रहा था किसका प्रदर्शन
2014 के हरियाणा विधानसभा चुनावों में 90 सीटों में से बीजेपी ने सर्वाधिक 47, इंडियन नेशनल लोकदल ने 19 और कांग्रेस ने 15 सीटें जीती थी।
बीजेपी ने पहली बार हरियाणा में अकेले दम अपनी सरकार बनाई थी और मनोहर लाल खट्टर मुख्यमंत्री बने थे। 2011 जनगणना के मुताबिक हरियाणा की जनसंख्या 2.54 करोड़ है।
इन चुनावों में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ बीजेपी, कांग्रेस, इंडियन नेशनल लोकदल और लोकदल से अलग होकर बनी दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी के बीच है। बीजेपी ने 2019 लोकसभा चुनावों में राज्य की सभी 10 सीटों पर जीत हासिल की थी।