महाराष्ट्र के मंत्री ने हेमा मालिनी के गाल से की सड़कों की तुलना, महिला आयोग ने जताई आपत्ति, माफी मांगने के लिए कहा
By रुस्तम राणा | Published: December 19, 2021 09:03 PM2021-12-19T21:03:57+5:302021-12-19T21:15:01+5:30
भाजपा के पूर्व नेता एकनाथ खडसे पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए राज्य के जलापूर्ति मंत्री पाटिल ने कहा, '' जोकि 30 सालों तक विधायक रहे, उन्हें मेरे विधानसभा क्षेत्र में आकर सड़कों को देखना चाहिए। अगर ये हेमा मालिनी के गाल जैसी नहीं हैं तो मैं इस्तीफा दे दूंगा।''
मुंबई: महाराष्ट्र के मंत्री और वरिष्ठ शिव सेना नेता गुलाबराव पाटिल के अपने विधानसभा क्षेत्र जलगांव जिले की सड़कों की तुलना अभिनेत्री हेमा मालिनी के गाल से करने की टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। राज्य के महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए मंत्री से अपने बयान पर माफी मांगने को कहा है।
पाटिल की कथित टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। मंत्री ने कथित टिप्पणी हाल में जिले के बोधवाड़ नगर पंचायत चुनाव के दौरान एक चुनावी बैठक को संबोधित करने के दौरान की। अपने भाषण के दौरान पाटिल ने अपने विरोधियों को उनके विधानसभा क्षेत्र का दौरान कर वहां अच्छी गुणवत्ता वाली सड़कें देखने को कहा।
कई वर्षों तक जलगांव सीट से विधायक रहे भाजपा के पूर्व नेता एकनाथ खडसे पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए राज्य के जलापूर्ति मंत्री पाटिल ने कहा, '' जोकि 30 सालों तक विधायक रहे, उन्हें मेरे विधानसभा क्षेत्र में आकर सड़कों को देखना चाहिए। अगर ये हेमा मालिनी के गाल जैसी नहीं हैं तो मैं इस्तीफा दे दूंगा।''
हालाँकि बढ़ते विवाद को देखते हुए मंत्री ने अपनी विवादित टिप्पणी पर माफी मांग ली है। मंत्री की इस विवादित टिप्पणी पर राज्य महिला आयोग ने कड़ी आपत्ति जताई। महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने मंत्री पाटिल की टिप्पणी का संज्ञान लिया और अपनी टिप्पणी पर माफी नहीं मांगने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।