Maharashtra Election Results 2024: सभी 16 कांग्रेसी विधायक बीजेपी में शामिल हो?, आशीष देशमुख ने कहा- हमने महाराष्ट्र में कांग्रेस का पतन देखा
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: November 28, 2024 13:01 IST2024-11-28T13:00:46+5:302024-11-28T13:01:52+5:30
maharashtra election results 2024: भाजपा नेता ने कहा कि महाराष्ट्र भारत का 17वां राज्य है जहां विधानसभा में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व 10 प्रतिशत से भी कम है।

file photo
maharashtra election results 2024: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता आशीष देशमुख ने कहा कि कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं है और महाराष्ट्र में इसके सभी 16 नवनिर्वाचित विधायकों को भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए। राज्य में हाल में हुए चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने 288 विधानसभा सीट में से 230 सीट पर जीत हासिल की है, जबकि विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) केवल 46 सीट ही जीत सका। एमवीए की घटक कांग्रेस को केवल 16 सीट मिलीं। नागपुर जिले की सावनेर सीट से चुनाव जीतने वाले देशमुख ने एक बयान में कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी और महायुति गठबंधन ने बड़े अंतर से जीत हासिल की तथा हमने महाराष्ट्र में कांग्रेस का पतन देखा। कांग्रेस का यह पतन हर जगह हो रहा है।’’
उन्होंने कहा कि हर राज्य में सीट संख्या और मतदाता आधार में लगातार गिरावट के कारण कांग्रेस के पास कोई विकल्प नहीं बचा है। भाजपा नेता ने कहा कि यह परिणाम विपक्षी पार्टी के लिए एक नया निचला स्तर है। देशमुख ने कहा कि कांग्रेस और उसके विधायकों का कोई भविष्य नहीं है तथा महाराष्ट्र में इसके विधायकों को भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए।
भाजपा नेता ने कहा कि महाराष्ट्र भारत का 17वां राज्य है जहां विधानसभा में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व 10 प्रतिशत से भी कम है। देशमुख ने कहा, ‘‘288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में सिर्फ 16 विधायकों के साथ कांग्रेस के पास अब सदन में सिर्फ 5.55 प्रतिशत सीट हैं।
यह 1962 के बाद से राज्य विधानसभा में कांग्रेस पार्टी की सबसे कम सीट हिस्सेदारी है।’’ उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से कांग्रेस की सीट हिस्सेदारी 20 प्रतिशत से घटकर अब 10 प्रतिशत से भी कम रह गई है। जून 2023 में कांग्रेस से निष्कासित किए जाने के बाद देशमुख भाजपा में शामिल हो गए थे।