महाराष्ट्र: कोरोना के 2 और नए मामले, कुल संख्या 124 हुई, 65 वर्षीय मृत महिला थी संक्रमित, जानें स्वास्थ्य विभाग का अपडेट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: March 26, 2020 11:36 AM2020-03-26T11:36:50+5:302020-03-26T11:36:50+5:30
भारत में पॉजिटिव कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 649 हो गई है। जिसमें 593 सक्रिय मामलों सहित, 42 डिस्चार्ज और 13 लोगों की मृत्यु हो गई है।
मुंबई: महाराष्ट्र में आज (26 मार्च) दो और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद राज्य में कुल मरीजों की संख्या 124 हो गई है। इसी बीच उस 65 वर्षीय महिला के नमूनों की जांच के बाद पता चला है कि उसका कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव था। महिला की मौत 24 मार्च को हुई थी। इसके साथ ही राज्य में इस वैश्विक महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अपडेट दिया है कि मुंबई की एक 65 वर्षीय महिला जिसका कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया था, उसका निधन हो गया। मौत का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
A 65-year-old woman from Mumbai who tested positive for Coronavirus, passes away; cause of death yet to be ascertained: Maharashtra Health Department https://t.co/z4wSKGVoro
— ANI (@ANI) March 26, 2020
एक स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा, 'राज्य में संक्रमण के दोनों नए मामले मुंबई शहर के हैं। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या उन्होंने हाल में कोई यात्रा की थी।' अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र में उस महिला के कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है जिसकी 24 मार्च को मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि यह महिला नवी मुंबई की रहने वाली थी और उसमें कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षण थे, इसलिए एहतियात के तौर पर उसके नमूने लिए गए और उन्हें जांच के लिए भेजा गया।
अधिकारी ने कहा, ‘जांच के परिणाम में उसके संक्रमित होने की आज सुबह पुष्टि हुई। हम अब उसके संबंधियों के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठा रहे हैं।’ राज्य में कोविड-19 संक्रमण से अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है।