मध्य प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, ऑटो रिक्शा और बस की टक्कर, 13 लोगों की मौत
By विनीत कुमार | Published: March 23, 2021 09:14 AM2021-03-23T09:14:18+5:302021-03-23T09:21:03+5:30
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं हैं। ये ऑटो में सवार होकर एक कार्यक्रम में जा रही थीं।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में 12 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। घटना मंगलवाल सुबह की है जब एक ऑटो-रिक्शा और बस में पुरानी छावनी एरिया में टक्कर हो गई।
पुलिस के अनुसार 9 महिलाओं और ऑटो रिक्शा ड्राइवर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ग्वालियर के जिला पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि मंगलवार सुबह आंगनबाड़ी केन्द्र में खाना बनाने वाली 12 महिलाएं काम करने के बाद एक ऑटो रिक्शा में सवार होकर वापस अपने घर जा रही थीं।
इसी दौरान मौरेना की ओर से तेज गति से आ रही बस ने उन्हें टक्कर मार दी। ये हादसा सुबह सात बजे के करीब हुआ। तीन घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
#UPDATE | Death toll in the accident rises to 13: Additional SP
— ANI (@ANI) March 23, 2021
इस घटना पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवार को 4-4 लाख रुपये मुआवजे की भी घोषणा की है। साथ ही घायलों को 50 हजार रुपये बतौर मुआवजा देने की घोषणा की गई है। मृतकों के शवों की शिनाख्त की जा रही है और उसके बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।