वैशाली लोकसभा सीट से राजद की उम्मीदवार हो सकती हैं लवली आनंद!, जेल से रिहा होने के बाद आनंद मोहन ने बढ़ा दी राजनीतिक सक्रियता
By एस पी सिन्हा | Published: May 25, 2023 06:47 PM2023-05-25T18:47:42+5:302023-05-25T18:49:03+5:30
वैशाली लोकसभा क्षेत्र में शुरू से ही राजपूत उम्मीदवार अपना परचम लहराते रहे हैं। वर्तमान में वैशाली से जदयू के विधान पार्षद दिनेश सिंह की पत्नी वीणा देवी एनडीए गठबंधन के लोजपा से सांसद हैं।

file photo
पटनाः पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन जेल से बाहर निकलते ही अपनी सियासी गतिविधि को बढ़ा दिया है। वह अपने पुराने क्षेत्रों में जाकर लोगों को एकजुट कर रहे हैं और अपनी पत्नी लवली आनंद के लिए अभी से ही लोकसभा चुनाव लड़ाने की तैयारी में जुट गए हैं।
करीबी सूत्रों के अनुसार लवली आनंद इस बार वैशाली लोकसभा सीट से राजद की उम्मीदवार हो सकती हैं। मुजफ्फरपुर में आनंद मोहन ने कहा कि रामायण, महाभारत, गीता जैसे धर्म ग्रंथों में हिंदू शब्द का जिक्र ही नहीं बल्कि क्षत्रिय शब्द की चर्चा है। उन्होंने कहा कि आश्चर्य होता है कि महाराणा प्रताप को आज कुछ लोग हिंदू से जोड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का सेनापति हकीम खान सूरी था जबकि अकबर का सेनापति मान सिंह था। भाजपा पर इशारों ही इशारों में तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि हम सब सिर्फ जय श्री राम वाले नही हैं बल्कि हम सभी जय सियाराम वाले हैं। बिना सीता माता के राम अधूरे हैं।
आनंद मोहन ने कहा कि अगर यूपी में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है तो बिहार के लोगों को भी सीतामढी के पुनौरा धाम में माता सीता का भव्य मंदिर की जरूरत है। इसके लिए लम्बी लड़ाई भी करनी पड़ेगी। उन्होंने एक बार फिर यह दोहराया कि वह आगामी नवंबर माह में पटना के गांधी मैदान में विशाल जनसभा का आयोजन करेंगे। जिसमें लाखों लोगों की भीड़ होगी।
नवंबर में होने वाली रैली भी आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद के लोकसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद पहली बार 1994 में वैशाली लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुनी गई थी। वैशाली लोकसभा क्षेत्र में शुरू से ही राजपूत उम्मीदवार अपना परचम लहराते रहे हैं। वैसे वर्तमान में वैशाली से जदयू के विधान पार्षद दिनेश सिंह की पत्नी वीणा देवी एनडीए गठबंधन के लोजपा से सांसद हैं।