दहाई के अंक तक नहीं पहुंचेगा सपा-बसपा का गठबंधन : शिवपाल

By भाषा | Published: April 14, 2019 06:43 PM2019-04-14T18:43:23+5:302019-04-14T18:43:23+5:30

लोकसभा चुनाव 2019: शिवपाल ने सम्भल के केला देवी में आयोजित चुनावी सभा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा के साथ उनके गठबन्धन पर जमकर तीर चलाए।

lok sabha elections 2019: SP-BSP coalition will not reach tenth digit: Shivpal | दहाई के अंक तक नहीं पहुंचेगा सपा-बसपा का गठबंधन : शिवपाल

दहाई के अंक तक नहीं पहुंचेगा सपा-बसपा का गठबंधन : शिवपाल

Highlightsप्रसपा उत्तर प्रदेश में 60 सीटों पर 11 प्रदेशों में 27 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। प्रसपा सपा से बड़ी पार्टी है।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी—लोहिया (प्रसपा) प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने सपा—बसपा गठबंधन को 'ठगबंधन' करार देते हुए रविवार को दावा किया कि यह गठजोड़ लोकसभा चुनाव में दहाई के अंक तक भी नहीं पहुंच पाएगा। शिवपाल ने सम्भल के केला देवी में आयोजित चुनावी सभा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा के साथ उनके गठबन्धन पर जमकर तीर चलाए।

उन्होंने कहा कि मायावती ने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में नेता जी (सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव) पर मुकदमे दर्ज कराये। सपा कार्यकर्ताओं पर कितनी जुल्म—ज्यादती की। आज अखिलेश ने उन्हीं मायावती से हाथ मिला लिये। आज अखिलेश ने नेता जी के साथ क्या किया, यह आप सब लोगों को पता है। सपा—बसपा का यह गठबन्धन नहीं बल्कि 'ठगबंधन' है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व काबीना मंत्री ने दावा किया कि चुनाव में यह गठबन्धन कुछ भी नहीं कर पायेगा। आप देख लेना, यह गठबन्धन दहाई का अंक भी पार नहीं कर पाएगा। उन्होंने कहा कि सपा उत्तर प्रदेश में सिर्फ 35 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जब पार्टी नेता जी के हाथ में थी तब 80 सीटों पर चुनाव लड़ती थी। प्रसपा उत्तर प्रदेश में 60 सीटों पर 11 प्रदेशों में 27 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। प्रसपा तो सपा से बड़ी पार्टी है। हम 15 सीट अवश्य जीतेंगे और केन्द्र में जो भी सरकार बनेगी उसमें हम जरूर शामिल होंगे। 

Web Title: lok sabha elections 2019: SP-BSP coalition will not reach tenth digit: Shivpal