शीला दीक्षित ने तोड़ी चुप्पी, आज हो सकती है दिल्ली की सात लोकसभा सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा
By भाषा | Published: April 21, 2019 02:09 AM2019-04-21T02:09:08+5:302019-04-21T02:09:08+5:30
लोकसभा चुनाव 2019: राहुल गांधी ने भी ट्वीट करके आम आदमी पार्टी की गठबंधन की कोशिशों को गलत बताया था। उल्लेखनीय है कि दिल्ली की सात सीटों पर 12 मई को मतदान होगा।
कांग्रेस की दिल्ली इकाई की प्रमुख शीला दीक्षित ने शनिवार को कहा कि यहां की सात लोकसभा सीटों के लिये उम्मीदवारों की घोषणा अगले दो दिन में कर दी जायेगी। वह लोकसभा चुनाव प्रचार के लिये दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के एक नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रही थी।
उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी कल (रविवार) या उसके बाद उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है।’’ चांदनी चौक से उनके चुनाव लड़ने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘मैंने भी इस बारे में सुना है। पार्टी को तय करने दीजिये।’’ केंद्रीय नियंत्रण कक्ष सभी सात लोकसभा क्षेत्रों के नियंत्रण कक्षों के साथ समन्वय स्थापित करेगा।
बता दें कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन पर संशय अभी भी बरकरार है। मनीष सिसोदिया ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन में हो रही देरी के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली और हरियाणा में आप-जेजेपी-कांग्रेस गठबंधन करते हैं तो बीजेपी सभी सीटों पर हार जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस का एक विधायक नहीं है और कांग्रेस दिल्ली में 3 सीट मांग रही है।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी का जन्म कांग्रेस के भ्रष्टाचार से लड़ते हुआ था, लेकिन नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी जिस तरह लोकतंत्र के लिए खतरा बनी हुई है, उसको देखते हुए आम आदमी पार्टी ने गठबंधन पर विचार किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र में एकबार फिर मोदी की सरकार बनती है तो इसके लिए कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार होगी।
इससे पहले आप नेता आप नेता संजय सिंह ने भी बताया कि बीजेपी को हराने के लिए हम कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार थे। लेकिन कांग्रेस किसी प्रकार के गठबंधन के मूड में नहीं है। उन्होंने कहा कि यह दुख की बात है कि इतने प्रयासों के बावजूद कांग्रेस किसी प्रकार का समझौता करने के लिए तैयार नहीं है।
केजरीवाल ने रविवार को कहा था कि भाजपा की सत्ता में वापसी, देश के लिये बहुत बड़ा खतरा साबित होगी इसलिये देशहित में उनकी पार्टी कुछ भी करने को तैयार है। राहुल गांधी ने भी ट्वीट करके आम आदमी पार्टी की गठबंधन की कोशिशों को गलत बताया था। उल्लेखनीय है कि दिल्ली की सात सीटों पर 12 मई को मतदान होगा।