लोकसभा चुनाव 2019: कन्हैया कुमार CPI उम्मीदवार के तौर पर बेगूसराय से लड़ेंगे, लेफ्ट-बीजेपी-कांग्रेस के बीच मुकाबला त्रिकोणीय

By स्वाति सिंह | Published: March 24, 2019 12:22 PM2019-03-24T12:22:39+5:302019-03-24T12:25:01+5:30

बेगूसराय सीट से बीजेपी के गिरिराज सिंह हैं तो दूसरी ओर राजद के तनवीर हसन होंगे। ऐसे में कन्हैया कुमार के यहां आने के बाद यह मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। यहां अब त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। 

lok sabha elections 2019: Kanhaiya Kumar will contest from Begusarai Lok Sabha constituency, Triangular contest between left, BJP and Congress | लोकसभा चुनाव 2019: कन्हैया कुमार CPI उम्मीदवार के तौर पर बेगूसराय से लड़ेंगे, लेफ्ट-बीजेपी-कांग्रेस के बीच मुकाबला त्रिकोणीय

लोकसभा चुनाव 2019: कन्हैया कुमार CPI उम्मीदवार के तौर पर बेगूसराय से लड़ेंगे, लेफ्ट-बीजेपी-कांग्रेस के बीच मुकाबला त्रिकोणीय

जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने बेगूसराय से अपना लोकससभा उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी की जिला कमेटी ने कन्हैया कुमार के नाम पर मुहर लगा दी है। 

इसकी घोषणा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की बिहार इकाई के सचिव सत्यनारायण सिंह ने पटना में की है। बता दें बेगूसराय सीट से बीजेपी के गिरिराज सिंह हैं तो दूसरी ओर राजद के तनवीर हसन होंगे। ऐसे में कन्हैया कुमार के यहां आने के बाद यह मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। यहां अब त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। 


बेगूसराय लोकसभा सीट का जातीय समीकरण

बेगूसराय लोकसभा सीट पर भूमिहारों का शुरू से ही दबदबा रहा है। कन्हैया कुमार भी इसी जाति से हैं। यहां भूमिहार के अलावा कोइरी, यादव, मुसलमान और अनुसूचित जाति के भी वोट हैं। ओबीसी में कोइरी की संख्या सबसे ज्यादा है। वहीं अनुसूचित जातियों की संख्या भी ठीक-ठाक है। भूमिहारों के दम पर यहां से वाम दलों के टिकट पर सांसद कम विधायक ज्यादा चुने गए हैं। मटिहानी, बेगूसराय और तेघरा विधानसभा सीट में भूमिहारों का आज भी वर्चस्व कायम है। 

बेगूसराय में होगा दिलचस्प मुकाबला

बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र में कुल 17,78,759 मतदाता हैं जिसमें महिला मतदाता 8,28,874 जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 9,49,825 है। 2014 लोकसभा चुनाव में बेगूसराय से भाजपा के भोला सिंह ने जीत दर्ज की थी, लेकिन अक्टूबर 2018 में भोला सिंह के निधन के बाद से यह सीट खाली है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेगूसराय की चुनावी यात्रा की और यहां कई योजनाओं की आधारशिला रखी। भोला सिंह के निधन के बाद भाजपा में नए उम्मीदवार के नाम पर मंथन चल रहा है। उधर, भाजपा के खिलाफ कन्हैया कुमार की उम्मीदवारी लगभग तय हो गई है। यानी यहां एक दिलचस्प जंग देखने को मिल सकती है। 

बेगूसराय में पिछले चुनावों का हाल

2014 के लोकसभा चुनाव में डॉ भोला सिंह ने आरजेडी के प्रत्याशी तनवीर हसन को हराया था। डॉ सिंह को 4,28,227 वोट मिले जबकि हसन को 3,69,892 वोट हासिल हुए। डॉ सिंह को 39.72 प्रतिशत और हसन को 34.31 प्रतिशत वोट मिले। इस इलाके में भाकपा की अच्छी पकड़ है। 2014 के चुनाव में भाकपा प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद सिंह तीसरे स्थान पर रहे थे। उन्हें 1,92,639 वोट मिले थे। वोट प्रतिशत की बात करें तो भाकपा को 17.87 प्रतिशत मत हासिल हुए थे। इस चुनाव में चौथे और पांचवें स्थान पर निर्दलीय रहे। छठे स्थान पर नोटा रहा जिसके तहत 26,335 वोट पडे। कुल वोटों का 2.47 प्रतिशत नोटा के हिस्से में आया। 

इस चुनाव में कुल 60.60 प्रतिशत वोटिंग हुई थी जिसमें जदयू के वोट भाजपा के पाले गए थे और भाजपा के डॉ सिंह आसानी से जीत गए थे। जबकि इसके पहले के चुनाव में जदयू के प्रत्याशी डॉ मोनाजिर हसन विजयी हुए। उन्होंने सीपीआई के शत्रुघ्न प्रसाद सिंह को हराया था। डॉ हसन को कुल 2,05,680 वोट मिले थे जबकि शत्रुघ्न प्रसाद सिंह को 1,64,843 वोट मिले। डॉ हसन को 28.64 प्रतिशत और शत्रुघ्न प्रसाद सिंह को 22.95 प्रतिशत वोट मिले। तीसरे स्थान पर लोजपा के अनिल चौधरी और चौथे स्थान पर निर्दलीय उम्मीदवार अमिता भूषण रहीं। पांचवें और छठे स्थान पर निर्दलीय उम्मीदवार रहे। इस चुनाव में कुल 48.75 प्रतिशत वोट पड़े थे।

Web Title: lok sabha elections 2019: Kanhaiya Kumar will contest from Begusarai Lok Sabha constituency, Triangular contest between left, BJP and Congress