लोकसभा चुनावः आजसू संसदीय बोर्ड ने गिरिडीह से चंद्रप्रकाश के नाम पर लगाई मुहर
By भाषा | Published: March 26, 2019 06:05 AM2019-03-26T06:05:51+5:302019-03-26T06:05:51+5:30
झारखंड में लोकसभा चुनाव को लेकर एनडीए गठबंधन सभी 14 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इसमें आजसू पार्टी गिरिडीह सीट पर चुनाव लड़ेगी। आजसू पार्टी पहली बार लोकसभा में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही है।
आजसू पार्टी के संसदीय बोर्ड ने पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष एवं झारखंड सरकार में मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी को सोमवार को गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया। आजसू के प्रवक्ता ने बताया कि आजसू पार्टी के प्रधान कार्यालय में पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से आजसू पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चंद्रप्रकाश चौधरी के नाम पर मुहर लगाई गई।
उन्होंने कहा कि झारखंड में लोकसभा चुनाव को लेकर एनडीए गठबंधन सभी 14 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इसमें आजसू पार्टी गिरिडीह सीट पर चुनाव लड़ेगी। आजसू पार्टी पहली बार लोकसभा में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आजसू पार्टी एनडीए गठबंधन के घोषणा पत्र के साथ-साथ झारखंड के विषयों को लेकर अलग से घोषणा पत्र जारी करेगी। बैठक में विधायक राजकिशोर महतो की अध्यक्षता में घोषणा पत्र के प्रारूप तैयार करने के लिए समिति गठित की गई जिसमें उनके साथ पूर्व कुलपति डॉ. यूसी मेहता और जे एन सिंह को यह जिम्मेदारी दी गई।
संसदीय बोर्ड की बैठक में झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी, टुंडी विधायक राजकिशोर महतो, जुगसलाई विधायक रामचंद्र सहिस, पूर्व मंत्री उमाकांत रजक, डोमन सिंह मुंडा, डॉ देवशरण भगत, स्वपन सिंहदेव, हसन अंसारी आदि शामिल थे।