लोक सभा चुनाव 2019: कर्नाटक में गठबंधन के बाद कांग्रेस बैठा रही है पश्चिम बंगाल सहित इन राज्यों की पार्टियों से तालमेल
By शीलेष शर्मा | Published: March 7, 2019 11:55 AM2019-03-07T11:55:24+5:302019-03-07T11:55:24+5:30
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज पूर्व प्रधानमंत्री एस.डी. देवगौड़ा से मुलाकात कर कर्नाटक में कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन पर मुहर लगा दी।
इसी हफ्ते के अंत में लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बीच कांग्रेस ने विभिन्न राज्यों में सहयोगी राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन की कोशिशें तेज कर दी हैं। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज पूर्व प्रधानमंत्री एस.डी. देवगौड़ा से मुलाकात कर कर्नाटक में कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन पर मुहर लगा दी।
समझौते के तहत जद (एस) 10 सीटों पर और कांग्रेस 18 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। कर्नाटक में चुनावी गठबंधन के बाद राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल में माकपा के साथ गठबंधन करने का फैसला किया।
इन सीटों पर कांग्रेस की जीत के आसार
वहां के नेताओं ने मुर्शिदाबाद और रायगंज सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी उतारने पर जोर दिया क्योंकि उन्हें दोनों सीटें जीतने की उम्मीद है। इस समय ये दोनों सीटें माकपा के कब्जे में हैं। माकपा के लिए रायगंज सीट छोड़ना मुश्किल है क्योंकि सलीम पार्टी के वरिष्ठ नेता है।
इस तर्क पर राहुल ने कहा कि माकपा नेता सीताराम येचुरी से चर्चा करने के बाद तय होगा कि किस सीट पर किस पार्टी का प्रत्याशी उतरेगा। बिहार में राजद के साथ गठबंधन को लेकर चर्चा अंतिम रुप ले रही है। संकेत मिल रहे हैं कि अगले हफ्ते तक गठबंधन की तस्वीर साफ हो जाएगी।