Lockdown: लॉकडाउन में ढील मिलते ही दिल्ली-नोएडा DND फ्लाईवे पर लग गया लंबा जाम
By अनुराग आनंद | Published: May 6, 2020 07:17 PM2020-05-06T19:17:17+5:302020-05-06T19:17:17+5:30
दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा लॉकडाउन में ढील दिए जाने की वजह से दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाले डीएनडी फ्लाईवे पर लंबा जाम लग गया है।
नई दिल्ली: देश भर में कोरोना संक्रमण के मामले में तेजी से हो रहे वृद्धि के बीच दिल्ली सरकार ने लॉकडाउन में ढील देने की घोषणा की है। इसका सीधा असर दिल्ली के सड़कों पर दिखने लगा है। दिल्ली में कई दफ्तर खुलने के कारण सड़कों पर लंबे समय बाद आवाजाही बढ़ी। एहतियात के तौर पर दिल्ली पुलिस और यातायात पुलिस ने बॉर्डर और प्रमुख मार्गों पर पर चेकपोस्ट लगाई हैं।
इस कारण दिल्ली व नोएडा डीएनडी पर कुछ मीटर लंबा जाम भी लगा। लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने चेक पोस्ट पर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई है। लेकिन, इसके बाद भी लोगों को घंटे-घंटे सड़कों पर गाड़ी की संख्या में वृद्धि की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Noida: Traffic congestion was seen on Delhi-Noida Direct (DND) flyway amid #CoronaLockdown. pic.twitter.com/uElc2F2MQH
— ANI UP (@ANINewsUP) May 6, 2020
बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 49391 हो गई है, जिसमें से 14183 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। देश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 33514 है और अब तक देश में कोरोना से 1694 लोगों की जान जा चुकी है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने बताया कि राज्य में आज कोरोना का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 502 है, जिनमें से सिर्फ 30 सक्रिय मामले बचे हैं और बाकी सभी इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिए गए हैं।
वहीं, आज आगरा में 13 नए कोरोना वायरस (COVID-19) मामले सामने आए हैं। जिले में 653 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार 225 मरीज अभी तक ठीक हो गए हैं। आगरा के जिलाधिकारी ने इसकी जानकारी दी है। समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार भारत में पिछले 24 घंटे में 126 लोगों की मौत हुई है और 2958 मामले सामने आए हैं। 28.71 फीसद मरीज ठीक हो गए हैं।