यौन शोषण आरोपः कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री रमेश जारकिहोली ने दिया इस्तीफा, सीएम येदियुरप्पा को भेजा
By सतीश कुमार सिंह | Published: March 3, 2021 02:39 PM2021-03-03T14:39:53+5:302021-03-03T18:39:52+5:30
सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश काल्लाहाली ने मंगलवार को पुलिस में जल संसाधन मंत्री जारकिहोली के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। इसमें उन पर रोजगार पाने की आकांक्षी के यौन उत्पीड़न का और उसे तथा उसके परिवार को परिणाम भुगतने की धमकी देने के आरोप लगाए गए थे।
बेंगलुरुः कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री रमेश जारकिहोली ने यौन शोषण के आरोप लगने के बाद पद से इस्तीफा दे दिया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को इस्तीफा भेज दिया।
मुख्यमंत्री को भेजे त्यागपत्र में जारकिहोली ने कहा है, ‘‘मेरे खिलाफ लगे आरोपों में सच्चाई नहीं है। जल्द से जल्द इसकी जांच होनी चाहिए।’’ जारकिहोली ने कहा है, ‘‘मुझे अपनी बेगुनाही पर भरोसा है लेकिन नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मैं कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा दे रहा हूं। आपसे अनुरोध है कि इसे स्वीकार लें।’’
आपको बता दें कि बीते दिन ही कर्नाटक में एक सामाजिक कार्यकर्ता ने सीडी जारी की थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि मंत्री रमेश जारकीहोली ने एक महिला को नौकरी देने के नाम पर उसका यौन शोषण किया। विपक्ष ने काफी हंगामा किया था।
किसी अज्ञात महिला के साथ अंतरंग होने के कथित वीडियो क्लिप सामने आने के एक दिन बाद जारकिहोली ने त्यागपत्र दिया है। कन्नड़ समाचार चैनलों ने इस क्लिप का प्रसारण किया था। सूत्रों के मुताबिक जारकिहोली ने पार्टी आलाकमान के निर्देश के बाद अपना त्यागपत्र भेजा है।
इसके पूर्व कर्नाटक के गृह मंत्री बसवराज बोम्मई ने बुधवार को कहा कि मंत्री रमेश जारकिहोली के खिलाफ एक शिकायत में लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच पुलिस द्वारा की जाएगी। इस बीच विपक्षी कांग्रेस ने मंत्री से तत्काल इस्तीफा मांगा और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
Karnataka Minister Ramesh Jarkiholi tenders resignation from his post in the wake of his alleged involvement in a sex tape case. His letter to CM reads, 'Allegation against me is far from truth. As fair investigation should take place, I'm resigning on moral grounds."
— ANI (@ANI) March 3, 2021
(File pic) pic.twitter.com/m6gNqoKBa8
बताया जाता है कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी अरुण सिंह ने दूसरे राज्यों में विधानसभा चुनाव और राज्य में पंचायत चुनाव के मद्देनजर प्रदेश नेतृत्व को पार्टी के फैसले से अवगत करा दिया। राज्य विधानसभा के बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे बजट सत्र के पहले मंत्री के खिलाफ इस तरह के आरोप लगना बी एस येदियुरप्पा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के लिए शर्मिंदगी का कारण बना है। राज्य में विपक्षी कांग्रेस और जद (एस) भी मंत्री के तुरंत इस्तीफे की मांग कर रही थी।
(इनपुट एजेंसी)