झारखंड चुनाव: भाजपा ने 15 और उम्मीदवारों की सूची जारी की, सरयू राय का नाम नदारद

By भाषा | Published: November 15, 2019 05:01 AM2019-11-15T05:01:24+5:302019-11-15T05:01:24+5:30

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए 30 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच 5 चरणों में मतदान होगा। नतीजे 23 दिसंबर को आएंगे। पिछली बार भी राज्य में पांच चरण में मतदान हुआ था। 81 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2020 को खत्म हो रहा है।

Jharkhand Election 2019: BJP released list of 15 more candidates, Saryu Rai's name missing | झारखंड चुनाव: भाजपा ने 15 और उम्मीदवारों की सूची जारी की, सरयू राय का नाम नदारद

प्रतीकात्मक तस्वीर

Highlights भाजपा को अब सिर्फ 13 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम तय करने हैं।भाजपा ने इससे पूर्व पिछले सप्ताह 52 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी।

भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए 15 उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी की। इसे मिलाकर अब तक पार्टी ने 81 विधानसभा सीटों में 68 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर दिये हैं, लेकिन आज भी वरिष्ठ नेता सरयू राय का नाम इस सूची में नदारद रहा। राय का नाम अभी तक नहीं घोषित किए जाने पर माना जा रहा है कि अपनी ही सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाले राय को किनारे करने की कोशिश जोरों पर हैं।

भाजपा ने इससे पूर्व पिछले सप्ताह 52 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी और 12 तारीख की देर रात सुखदेव भगत के नाम वाली दूसरी सूची जारी की। भाजपा को अब सिर्फ 13 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम तय करने हैं। यदि उसका अपने पुराने सहयोगी आज्सू से सीटों को लेकर कोई समझौता होता है तो उसे कम से कम नौ से 12 सीटें उसके लिए छोड़नी होंगी, लेकिन वर्तमान में आज्सू से उसका गठबंधन टूटता नजर आ रहा है क्योंकि दोनों पार्टियां अपने-अपने रुख पर अड़ी हुई हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम माथुर ने गुरुवार को कहा कि भाजपा ने आज्सू के लिए नौ सीटें छोड़ रखी हैं और अब उन्हें तय करना है कि वह इस समझौते के लिए तैयार हैं या नहीं? इससे पहले वर्ष 2014 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने आज्सू को आठ सीटें दी थीं, जिसमें से उसने पांच सीटें जीती थीं।

भाजपा की गुरुवार को जारी सूची में पोड़ैयाहाट से गजाधर सिंह, बरकट्ठा से जानकी यादव, धनवार से लक्ष्मी प्रसाद सिंह, गांडेय से जयप्रकाश वर्मा, बोकारो से विरंचीनारायण, चंदनक्यारी से अमर कुमार बाउरी, निरसा से श्रीमती अपर्णासेन गुप्ता, सराइकेला से गणेश महली, चाईबासा से जेबी तुबिद, मझगांव से भूषणपथ पिंगला, खरसांवा से जवाहर वनरा, खूंटी से नीलकंठ सिंह मुंडा, मांडर से श्रीदेव कुमार धान, सिसई से दिनेश उरांव और कोलेबीरा से सुजान मुंडा के नाम शामिल हैं।

Web Title: Jharkhand Election 2019: BJP released list of 15 more candidates, Saryu Rai's name missing

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे