गलवान घाटी में शहीद हुए जयकिशोर सिंह के पिता राजकपूर सिंह को मिली जमानत, एससी/एसटी एक्ट में गिरफ्तार किया गया था
By एस पी सिन्हा | Published: March 2, 2023 05:41 PM2023-03-02T17:41:50+5:302023-03-02T17:43:26+5:30
वैशाली के जन्दाहा के चकफतह गांव के सैनिक जय किशोर सिंह गलवान घाटी में शहीद हो गये थे। उनके परिवार के लोग शहीद की प्रतिमा गांव में लगाना चाहते थे। जिस जमीन पर शहीद की प्रतिमा लगायी जानी थी, उस पर हरीनाथ राम के किसी व्यक्ति ने अपना दावा ठोक दिया और जमीन को अपना बता दिया।
पटना: गलवान घाटी में शहीद हुए जयकिशोर सिंह के पिता राजकपूर सिंह को वैशाली जिले की कोर्ट ने जमानत दे दी है। पुलिस ने उन्हें एससी/एसटी एक्ट में गिरफ्तार किया गया था। तब शहीद के पिता के साथ पुलिसिया दुर्व्यवहार की बात कही गई थी। शहीद सैनिक जयकिशोर सिंह के परिजनों ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें घसीट कर थाने ले गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज कपूर सिंह को हाजीपुर एडीजे - 3 नवीन कुमार ठाकुर की अदालत से जमानत दी गई है। आज कोर्ट में पेशी होने के बाद इस मामले में पांच दिन बाद शहीद सैनिक के पिता को कोर्ट से जमानत दे दी गई। शहीद जयकिशोर सिंह के भाई नंदकिशोर सिंह ने पिता के जमानत की पुष्टि की है।
दरअसल, वैशाली के जन्दाहा के चकफतह गांव के सैनिक जय किशोर सिंह गलवान घाटी में शहीद हो गये थे। उनके परिवार के लोग शहीद की प्रतिमा गांव में लगाना चाहते थे। जिस जमीन पर शहीद की प्रतिमा लगायी जानी थी, उस पर हरीनाथ राम के किसी व्यक्ति ने अपना दावा ठोक दिया और जमीन को अपना बता दिया। हरीनाथ राम ने अंचलाधिकारी को आवेदन देकर उस जमीन को अपनी जमीन बताया। आवेदन सीओ को दिया गया था, लेकिन जन्दाहा थाना पुलिस ने सीओ को दिये गये आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया।
जमीन के विवाद के इस मामले में पुलिस ने शहीद जय किशोर सिंह के पिता राज कपूर सिंह के खिलाफ रंगदारी, एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया। मामला सामने आने के बाद भाजपा इसके खिलाफ हमलावर हो गई। शहीद के पिता के अपमान के मामले को लेकर भाजपा ने बिहार विधानसभा में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा ने बुधवार को विधानसभा में भाजपा विधायकों ने सरकार शर्म-करो शर्म करो के नारे लगाए। वहीं राजनाथ सिंह ने भी मुख्यमंत्री को फोन कर नाराजगी जाहिर की है।