इस बार शपथ ग्रहण के दौरान संसद दिखी सांप्रदायिक, गूंजे जय श्री राम, अल्लाह हू अकबर, वंदेमातरम जय, भीम के नारे
By लोकमत समाचार ब्यूरो | Published: June 19, 2019 07:51 AM2019-06-19T07:51:51+5:302019-06-19T07:51:51+5:30
इस बार शपथ ग्रहण में कुछ सांसदों का अलग ही अंदाज नजर आया। बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने शपथ ग्रहण के बाद जहां भारत माता की जय का नारा लगाया तो पंजाब के संगरूर से आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने इंकलाब जिंदाबाद का नारा लगाया।
एजेंसी 17वीं लोकसभा के पहले सत्र के दूसरे दिन भी शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नारों का सिलसिला टूटा नहीं है। विदर्भ के अमरावती की निर्दलीय सांसद नवनीत ने कल ही संसद में भाजपा सदस्यों के 'जय श्री राम' नारे को लेकर कहा था कि संसद में धार्मिक नारे लगाना ठीक नहीं है, इसके लिए मंदिर हैं। लेकिन, उनकी सलाह किसी ने नहीं सुनी और आज संसद कई अवसरों पर सांप्रदायिक रंग में घिरती नजर आई।
भारत का संविधान जिंदाबाद
यूपी की संभल सीट से निर्वाचित सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क का नाम लोकसभा महासचिव ने जैसे ही पुकारा तो भाजपा के कुछ सदस्य 'वंदे मातरम' के नारे लगाने लगे। शपथ लेने के बाद बर्क ने नारा लगाया, ''भारत का संविधान जिंदाबाद।'' बर्क ने 'वंदे मातरम' का नारा लगाने से यह कहकर मना कर दिया कि यह इस्लाम के खिलाफ होगा। इस पर भाजपा सांसदों ने हंगामा कर दिया और कहा कि बर्क माफी मांगे।
जब खूब हंगामा होने लगा तो पीठासीन अध्यक्ष के। सुरेश ने कहा कि शपथ लेने के अलावा सदस्य कोई नारा नहीं लगाएं और रिकॉर्ड में शपथ के अलावा कुछ नहीं जाएगा।लेकिन, उसके बाद भी शपथ लेनेवाले भाजपा के कई सदस्यों ने 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारे लगाए।
जय बांग्ला और जय बंगाली
पश्चिम बंगाल से भाजपा के लगभग सभी सांसदों ने शपथ के साथ 'जय श्री राम' का नारा लगाया। उनके साथ भाजपा के अन्य सदस्यों ने भी 'जय श्री राम' के नारे लगाए। राज्य के तृणमूल कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने शपथ लेते हुए 'जय बांग्ला' और 'जय बंगाली' के नारे लगाए, तो भाजपा सदस्यों ने जवाब में 'जय श्री राम' का नारा लगाया।
'पार्वती पतये, हर हर महादेव' और 'जय गोरखनाथ' का जयकार
तृणमूल कांग्रेस की काकोली घोष दस्तीदार जब शपथ लेने आईं, तो पश्चिम बंगाल के भाजपा के सदस्य 'जय श्री राम' के नारे लगाते सुने गए तो दस्तीदार ने भी कई बार 'जय बंगाल' का नारा लगाया। गोरखपुर से निर्वाचित हुए अभिनेता-गायक रविकिशन शपथ लेने के दौरान 'पार्वती पतये, हर हर महादेव' और 'जय गोरखनाथ' का जयकार करते रहे।
'जय योगी-जय मोदी' का नारा
यूपी के सलेमपुर से भाजपा सांसद रवीन्द्र ने शपथ लेनेके बाद 'जय योगी-जय मोदी' का नारा लगाया। एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी और एआईयूडीएफ के बदरुद्दीन अजमल ने भी शपथ ली। ओवैसी का नाम शपथ लेने के लिए पुकारे जाने के बाद भाजपा के कई सदस्यों ने 'भारत माता की जय' और 'जय श्री राम' के नारे लगाए। शपथ लेने के बाद ओवैसी ने 'जय भीम, जय मीम' और 'अल्लाह हू अकबर' का नारा लगाया।
'अल्लाह हू अकबर'
जब संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी शपथ ले रही थीं, तब भी भाजपा सदस्य 'जय श्री राम' और 'भारत माता की जय' के नारे लगा रहे थे। तृणमूल कांग्रेस के कल्याण बनर्जी ने 'दुर्गा पथ' का नारा लगाया, तो उनके साथी पार्टी सांसद अबु ताहिर खान ने शपथ की शुरुआत 'बिस्मिलाह अर-रहमान, अर-रहीम' से की और समापन 'अल्लाह हू अकबर' के साथ किया।
'ऊं नम: शिवाय'- 'जय भीम', 'जय भारत'-'जय काली मां'
तृणमूल की काकोली घोष दस्तीदार ने शपथ से पहले 'जय काली मां' का नारा लगाया और शपथ के बाद 'जय हिंद, जय बांग्ला' का। यूपी से भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने 'ऊं नम: शिवाय' का घोष करके शपथ ली। बसपा सांसद श्याम सिंह यादव ने 'जय भीम', 'जय भारत', 'जय समाजवाद' से शपथ का समापन किया। हेमामालिनी ने शपथ के बाद 'राधे-राधे' और कृष्ण मंत्र पढ़ा।
'इंकलाब जिंदाबाद'-'वाहे गुरुजी का खालसा, वाहे गुरुजी की फतेह'
आम आदमी पार्टी के भगवंत मान ने शपथ ग्रहण के बाद 'इंकलाब जिंदाबाद' का नारा लगाया। शिरोमणि अकाली दल (बादल) के मुखिया सुखबीर सिंह बादल ने 'वाहे गुरुजी का खालसा, वाहे गुरुजी की फतेह' के घोष के साथ शपथ ली। भाकपा के के। सुब्बारायण ने 'धर्मनिरपेक्षता जिंदाबाद' का नारा लगाया।