कोरोना वायरस: पिछले 24 घंटे में भारत में 8380 नए केस, अब तक की सबसे बड़ी उछाल
By निखिल वर्मा | Published: May 31, 2020 09:40 AM2020-05-31T09:40:07+5:302020-05-31T10:09:06+5:30
दुनिया भर में कोरोना वायरस केसों की संख्या 61 लाख पार हो गई है और इस खतरनाक वायरस से अब तक 3 लाख 70 हजार लोग जान गंवा चुके हैं. केसों की संख्या के मामले में भारत दुनिया में 9वें स्थान पर है.
देश में कोरोना वायरस के कारण 193 और लोगों के जान गंवाने के साथ ही रविवार को इससे मरने वाले लोगों की संख्या 5164 हो गई और संक्रमितों की संख्या बढ़कर 182,143 हो गई। ये मौतें शनिवार सुबह से रविवार सुबह के बीच हुई है। बीते 24 घंटे में भारत में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 8380 नए मामले मिले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में इस समय 89995 कोरोना वायरस संक्रमितों का इलाज चल रहा है जबकि 86984 लोग स्वस्थ हो गए और एक मरीज देश छोड़कर चला गया। कुल संक्रमितों में 111 विदेशी नागरिक शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘अभी तक करीब 47.40 प्रतिशत मरीज ठीक हो चुके हैं।’’ इस वैश्विक महामारी से अब तक मरने वाले 5164 लोगों में से सबसे अधिक 2197 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। इसके बाद गुजरात में 1007, दिल्ली में 416, मध्य प्रदेश में 343, पश्चिम बंगाल में 309, उत्तर प्रदेश में 201, राजस्थान में 193, तमिलनाडु में 160, तेलंगाना में 77 और आंध्र प्रदेश में 60 लोगों की मौत हुई।
कर्नाटक में इस बीमारी से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 48, पंजाब में 44, जम्मू कश्मीर में 28, हरियाणा में 20, बिहार में 20, केरल में नौ और ओडिशा में सात है। हिमाचल प्रदेश, झारखंड और उत्तराखंड में कोविड-19 से पांच-पांच लोगों की मौत हुई जबकि चंडीगढ़ और असम में अब तक चार-चार लोगों ने जान गंवाई है। मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार मौत के 70 प्रतिशत मामलों में मरीज किसी न किसी अन्य बीमारी से भी पीड़ित थे।
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार देश में सबसे अधिक 65,168 संक्रमित महाराष्ट्र में हैं। इसके बाद तमिलनाडु में 21,184, दिल्ली में 18,549, गुजरात में 16,343, राजस्थान में 8,617, मध्य प्रदेश में 7891 और उत्तर प्रदेश में 7,445 लोग इस बीमारी की चपेट में आए।
पश्चिम बंगाल में संक्रमितों की संख्या 5130, बिहार में 3,636, आंध्र प्रदेश में 3,569, कर्नाटक में 2,922, तेलंगाना में 2,499, पंजाब में 2,233, जम्मू कश्मीर में 2,341 और ओडिशा में 1,819 है।