चंद घंटे पहले हुई थी शादी, सुहागरात से पहले ही सास को चकमा देकर घर लूट फरार हो गईं दो दुल्हनें
By अमित कुमार | Published: November 22, 2020 11:32 AM2020-11-22T11:32:55+5:302020-11-22T11:34:09+5:30
यह घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। रात करीब एक बजे सास को चकमा देकर घर की दोनों बहु गाड़ी लेकर फरार हो गई।
अगर आप भी शादी के लिए लड़की की तलाश कर रहे हैं तो सावधान हो जाइए। शादी कर दूल्हे के परिवार को ठगी का शिकार बनाने वाली लुटेरी दुल्हन का एक मामला सामने आया है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के आगरा का है। यहां शादी के बाद ससुराल पहुंची दो दुल्हन महज तीन घंटे बाद घर से गहने लेकर फरार हो गई। मामला बाह थाना क्षेत्र के गांव फरेरा का है।
घटना के सामने आते ही परिवार वाले शॉक्ड रह गए। बताया जाता है कि शादी की रस्म पूरी करने के बाद दुल्हनों ने शौच जाने का बहाना बनाया। खेत में जाने के बाद दोनों ने सास को चकमा दिया और बोलेरो गाड़ी रफूचक्कर हो गईं। इस बात की जानकारी जब उनके दूल्हों को मिली तो वह बेहद परेशान हो गए। खुद के साथ हुए इस हादसे की जानकारी उन्होंने पुलिस में दी।
बताया जा रहा है कि फरेरा की रहने वाले दो सगे भाइयों का रिश्ता परिचित बिचौलिया ने सोनभद्र की दो सगी बहनों के साथ तय किया था। दुल्हनों के भाई ने शादी के बदले एक लाख रुपये लिए। बरात सोनभद्र जाने की जगह दुल्हनों को गुरुवार को लड़के वालों ने गांव में बुलवा लिया। गुरुवार की रात को 11 बजे शादी की रस्में पूरी हो गईं। रात करीब एक बजे दोनों दुल्हन ने शौच जाने की बात कही। सास दोनों को बहुओं को लेकर खेत पर गई थी।
खेत में जाने के बाद दोनों बहुओं ने सास को पानी लाने के लिए भेज दिया। इसके बाद वह वहां से गाड़ी लेकर भाग निकली। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दोनों दुल्हनें घर में रखे 50 हजार रुपये, मंगलसूत्र और सोने की अंगूठियां, चांदी की पाजेब ले गई हैं। लेकिन पुलिस ने ऐसी किसी घटना के होने से इंकार किया है।