अगले 3-4 दिनों तक बिहार में भयंकर लू की चेतावनी, खगड़िया रहा सबसे ज्यादा गर्म, ओडिशा में तूफान से 2 लापता-5 घायल
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: June 2, 2023 07:43 AM2023-06-02T07:43:38+5:302023-06-02T08:12:30+5:30
अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा के मल्कानगिरी जिले में गुरुवार शाम को करीब 15 मिनट तक चली तेज हवाओं ने जिले में काफी नुकसान पहुंचाया है।

फोटो सोर्स: ANI फाइल फोटो
पटना: बिहार के लोगों को लू से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे क्योंकि गुरुवार को खगड़िया जिले में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। साथ ही राज्य में कम से कम 13 स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी एक बुलेटिन के अनुसार अगले तीन-चार दिनों में राज्य में लू की स्थिति बने रहने की संभावना है।
7 जिलों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री या उससे अधिक रहा
बिहार के सात जिलों में गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया, वहीं खगड़िया में दिन का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भागलपुर जिले में आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस, पूर्णिया में 41 डिग्री सेल्सियस, पश्चिम चंपारण में 41 डिग्री सेल्सियस, पूर्वी चंपारण में 41.5 डिग्री सेल्सियस, शेखपुरा में 41.2 डिग्री सेल्सियस और सीवान में 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा है।
बिहार के इन शहरों में भी देखें गए अधिकतम तापमान
बिहार में 40 डिग्री सेल्सियस या अधिक तापमान दर्ज करने वाले अन्य शहरों में पटना (40.9 डिग्री सेल्सियस), गया (40.8 डिग्री सेल्सियस), सारण (40.3 डिग्री सेल्सियस), अररिया (40.2 डिग्री सेल्सियस), डेहरी (40 डिग्री सेल्सियस), जमुई (40.7 डिग्री सेल्सियस), भोजपुर (40.1 डिग्री सेल्सियस), औरंगाबाद (40.5 डिग्री सेल्सियस), बांका (40.9 डिग्री सेल्सियस), कटिहार (40 डिग्री सेल्सियस), नवादा (40.8 डिग्री सेल्सियस) और नालंदा (40.5 डिग्री सेल्सियस) शामिल हैं।
ओडिशा में तूफान से 2 लोग लापता, पांच घायल
ओडिशा के मल्कानगिरी जिले में गुरुवार शाम को बारिश तथा गरज के साथ तेज हवाओं ने कहर बरपाया जिससे कम से कम दो लोग लापता हो गए और पांच अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि करीब 15 मिनट तक तेज हवाओं ने जिले में काफी नुकसान पहुंचाया है।
प्रभावित जगहों में बचाव कार्य जारी
पुलिस ने बताया कि सतीगुड़ा बांध जलाशय में एक नौका के डूबने से एक मछुआरा और एक महिला लापता हो गयी। उनकी पहचान जिले में भीमा रंगिनी गांव के गोविंद सरदार और तुलसी माधी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि एक हवाई पट्टी की निर्माणाधीन दीवार का एक हिस्सा गिरने से पांच मजदूर घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
जिलाधीश विशाल सिंह ने कहा कि दमकल और ओडिशा आपदा मोचन कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ) के कर्मियों को प्रभावित इलाकों में बचाव एवं राहत अभियान तेज करने के लिए कहा गया है।
भाषा इनपुट के साथ