भारत में एक दिन में कोरोना के सबसे ज्यादा केस, 6654 लोग संक्रमित, कुल मामलों की संख्या 1.25 लाख पार
By निखिल वर्मा | Published: May 23, 2020 09:09 AM2020-05-23T09:09:45+5:302020-05-23T09:23:23+5:30
दुनिया भर में कोरोना वायरस के केसों की संख्या 53 लाख पार कर गई है जबकि कोविड-19 के चलते 3.40 लाख लोगों की मौत हुई है.
कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण शुक्रवार सुबह आठ बजे से 137 और लोगों की मौत हो जाने के बाद देश में इस घातक वायरस से मरने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 3,720 हो गई है जबकि संक्रमण के 6,654 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,25,101 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि देश में 69,597 संक्रमित लोगों का उपचार चल रहा है, संक्रमित हुए 51,783 लोग अब स्वस्थ हो गए हैं और एक मरीज विदेश चला गया है।
देश में महाराष्ट्र में सर्वाधिक संख्या में लोग संक्रमित पाए गए हैं, जहां संक्रमण के 44,582 मामले हैं, इसके बाद तमिलनाडु में 14,753, गुजरात में 13,268, दिल्ली में 12,319 , राजस्थान में 6,494, मध्य प्रदेश में 6170 और उत्तर प्रदेश में 5,735 मामले सामने आए हैं।
कोविड-19 मामलों की संख्या पश्चिम बंगाल में 3332, आंध्र प्रदेश में 2709 और पंजाब में 2,029 हो गई है। संक्रमण के मामले बिहार में 2177, तेलंगाना में 1761, कर्नाटक में 1743, जम्मू-कश्मीर में 1,489 और ओडिशा में 1,189 तक पहुंच गये हैं।
हरियाणा में कोरोना वायरस संक्रमण के अब तक 1,067 मामले सामने आए हैं, जबकि केरल में 732 मामले हैं। 308 लोग झारखंड में और 218 लोग चंडीगढ़ में वायरस से संक्रमित हुए हैं। असम में 259, त्रिपुरा में 175, हिमाचल प्रदेश में 168 मामले, उत्तराखंड में 153, छत्तीसगढ़ में 172 और गोवा में अब तक 54 मामलों की पुष्टि की गई है।
लद्दाख में कोविड-19 के 44 मामले, जबकि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में संक्रमण के 33 मामले सामने आए हैं। मणिपुर में कोरोना वायरस के 26 मामले, पुडुचेरी में 26 और मेघालय में 14, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और दादरा- नगर हवेली में एक-एक मामला दर्ज किया गया है।