गुजरात: दर्दनाक हादसा, राजकोट के शिवानंद कोविड अस्पताल में देर रात लगी आग, 5 मरीजों की मौत
By विनीत कुमार | Published: November 27, 2020 07:48 AM2020-11-27T07:48:20+5:302020-11-27T08:06:44+5:30
गुजरात के राजकोट में एक कोविड अस्पताल में आग लगने के बाद 5 मरीजों की मौत की खबर है। ये आग गुरुवार देर रात आईसीयू में लगी। फिलहाल घटना के कारणों की जांच हो रही है।
गुजरात के राजकोट में शिवानंद कोविड अस्पताल में देर रात लगे भीषण आग में पांच मरीजों की मौत हो गई। आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस बीच मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल मशीनरी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की अहम वजह माना जा रहा है।
हालांकि, जांच के बाद ही सबकुछ साफ हो पाएगा। इस अस्पताल को सितंबर में कोविड सेंटर के रूप में मंजूरी दी गई थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये अस्पताल शहर के आनंद बंगला चौराहे के पास है। अस्पताल के आईसीयू वार्ड में गुरुवार रात एक से दो बजे के बीच आग लगने बात सामने आई।
Correction| Gujarat: Five people died after a fire broke out at Shivanand COVID Hospital in Rajkot, last night. CM Vijay Rupani has ordered a probe into the incident. The cause of the fire is yet to be ascertained.
— ANI (@ANI) November 27, 2020
अस्पताल में 33 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा था। इसमें से 7 आईसीयू में भर्ती थे। इस बीच आग से बचाए गए मरीजों को दूसरे कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल की दूसरी मंजिल पर बने आईसीयू वार्ड में सबसे पहले धुंए का गुबार उठता देखा गया।
कुछ कर्मचारियों की इस पर नजर गई। इसके बाद डॉक्टरों समेत सभी मेडिकलकर्मी सतर्क हो गए और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
इससे पहले अगस्त में अहमदाबाद में एक चार मंजिला निजी अस्पताल में आग लगने से 8 कोरोना मरीजों की मौत हो गई थी। इसमें पांच पुरुष और तीन महिलाएं थीं।