Google Doodle: पैकेजिंग और डिलिवरी वर्कर्स को समर्पित है आज का गूगल डूडल, कोरोना से लड़ाई में मददगार लोगों को कहा धन्यवाद
By विनीत कुमार | Published: April 15, 2020 08:13 AM2020-04-15T08:13:22+5:302020-04-15T08:49:32+5:30
Google Doodle: गूगल ने आज अपने खास डूडल के जरिए पैकेजिंग, शिपिंग और डिलिवरी वर्कर्स को धन्यवाद कहा है। इससे पहले डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ के लिए भी गूगल ने दिलचस्प डूडल बनाया था।
Google Doodle: दुनिया भर में कोरोना महामारी के खिलाफ जंग के बीच गूगल ने 15 अप्रैल यानी आज के डूडल के जरिए पैकेजिंग, शिपिंग इंडस्ट्री और डिलिवरी वर्कर्स को धन्यवाद कहा है। गूगल कई मौकों पर लोगों को अपने डूडल के जरिए संदेश देता रहा है। कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण आज जहां दुनिया भर में कई देश लॉकडाउन से गुजर रहे हैं वहीं, पैकेजिंग और शिपिंग इंडस्ट्री से लोग अब भी अपने काम में जुटे हैं। इन लोगों की वजह से लॉकडाउन के बावजूद आम लोगों की जिंदगी बहुत हद तक आसान बनी है।
Google Doodle: पैकेजिंग, शिपिंग इंडस्ट्री और डिलिवरी वर्कर्स के लिए गूगल डूडल
आज आप जैसे ही गूगल खोलेंगे तो उसके ऊपर एक दिल बना हुआ है। गूगल के लोगो के ऊपर जब आप जाते हैं तो यहां एक धन्यवाद संदेश पैकेजिंग, शिपिंग इंडस्ट्री और डिलिवरी वर्कर्स के लिए लिखा है। यहां क्लिक करते ही आप कोरोना से जुड़ी वेबसाइट्स पर पहुंच जाते हैं जो आपको इस महामारी के बारे में अपडेट देती हैं।
इससे पहले इसी सप्ताह के पहले दिन गूगल का डूडल उन डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के लिए था जो इस महामारी के बीच अपनी जान दांव पर लगाकर लोगों की सेवा में जुटे हैं। गूगल ने अपने इस डूडल के जरिए डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को उनके इस काम के लिए धन्यवाद कहा था।
बताते चलें कि 2 अप्रैल को भी गूगल ने एक डूडल बनाया था डूडल बनाया था जिसमें लोगों को कोरोना लॉकडाउन के बीच घर पर रहने का संदेश दिया गया था। गूगल ने जो डूडल बनाया था, उसका हर अक्षर में घर के अंदर रहने के दौरान किसी तरह के सकारात्मक काम करने का संदेश दिया गया था।
गौरतलब है कि देश में कोरोना पीड़ितों की तादाद 10 हजार के पार पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बुधवार शाम तक कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या देश में 9272 हो गई है। वहीं, 1189 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। बीमारी से मरने वालों की संख्या 353 हो गई है।