गोवा विधानसभा चुनावः गोवा फॉरवर्ड पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष किरन कंडोलकर टीएमसी में शामिल, कांग्रेस, आप और भाजपा में हलचल तेज
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: November 20, 2021 07:53 PM2021-11-20T19:53:08+5:302021-11-20T19:54:23+5:30
Goa Assembly Elections: ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी ही एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को हरा सकती है।
पणजीः गोवा में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ संभावित गठजोड़ के मद्देनजर गोवा फॉरवर्ड पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष किरन कंडोलकर ने शनिवार को पार्टी से त्यागपत्र दे दिया और तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गये।
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लुईजिन्हो फलेरो ने कंडोलकर का पार्टी में स्वागत किया। भाजपा के विधायक रह चुके कंडोलकर 2020 में जीएफपी में शामिल हुये थे। संयोगवश, पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिये कंडोलकर को अल्डोना सीट से उम्मीदवार बनाया था।
उन्होंने बताया, ‘‘लेकिन कांग्रेस ने वहां चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। मुझे लगता है कि विजय सरदेसाई की अगुवाई वाली पार्टी को कांग्रेस अंतिम समय में धोखा देगी। मैं महसूस करता हूं कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जैसे राजनीतिक दल भाजपा को हराने को लेकर गंभीर नहीं हैं।’’
कंडोलकर ने बताया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी ही एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को हरा सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी अथवा अरविंद केजरीवाल नरेंद्र मोदी को नहीं करा सकते हैं। लेकिन ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में दिखा दिया है कि वह भाजपा से दो-दो हाथ कर सकती हैं और उसे हरा सकती हैं।’’
गोवा में 2017 में हुये विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को प्रदेश की 40 सदस्यीय विधानसभा में 17 सीटें मिली थीं, जबकि भाजपा को 13 सीटों से संतोष करना पड़ा था। हालांकि, भाजपा ने जीएफपी और एमजीपी जैसे क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन कर मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में सरकार का गठन कर लिया था।