केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का विवादित बयान, ममता बनर्जी की तुलना राक्षसी पूतना से की
By रामदीप मिश्रा | Published: February 8, 2019 01:35 PM2019-02-08T13:35:32+5:302019-02-08T14:39:56+5:30
गिरिराज सिंह ने कहा, 'जो बांग्लादेशी घुसपैठियों के समर्थन में और भारत को तोड़ने की बात करे और हिन्दू को निकालने की बात करे वो झांसी की रानी नहीं हो सकती। झांसी की रानी ने हिन्दुस्तान को बचाने के लिए लड़ाई लड़ी थी। ये (ममता बनर्जी) हिन्दुस्तान को तोड़ने की लड़ाई लड़ रही हैं।'
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना झांसी की रानी से करने को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विवादित बयान दिया है, जिस पर हंगामा खाड़ा हो सकता है। केंद्रीय मंत्री ने ममता बनर्जी की तुलना राक्षसी पूतना से कर दी है और कहा कि वह झांसी की रानी कभी नहीं हो सकती हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, 'झांसी की रानी के ऊपर ये (ममता बनर्जी) गाली हैं। ये पूतना हो सकती हैं...झांसी की रानी नहीं बन सकती हैं। जो पूरे बंगाल को तबाह करके रखी हैं। ये किम जोन बन सकती हैं। जो लोग उनके खिलाफ बोलें उनकी हत्या कर सकती हैं। इनमें झांसी की रानी और पद्मावती बनने की ताकत नहीं है।'
आगे गिरिराज सिंह ने कहा, 'जो बांग्लादेशी घुसपैठियों के समर्थन में और भारत को तोड़ने की बात करे और हिन्दू को निकालने की बात करे वो झांसी की रानी नहीं हो सकती। झांसी की रानी ने हिन्दुस्तान को बचाने के लिए लड़ाई लड़ी थी। ये (ममता बनर्जी) हिन्दुस्तान को तोड़ने की लड़ाई लड़ रही हैं।'
#WATCH Union Minister Giriraj Singh on reports that TMC said West Bengal CM Mamata Banerjee is the Jhansi ki Rani of the modern times: Shayad Jhansi ki Rani ke upar ye gaali hai. Ye Putana (demoness) ho sakti hain Jhansi Ki Rani nahi ban sakti hain. Ye Kim Jong Un ho sakti hain.. pic.twitter.com/320x2uWAuc
— ANI (@ANI) February 8, 2019
आपको बता दें कि तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में सीबीआई और पुलिस के बीच टकराव वाले प्रकरण का हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। साथ ही साथ राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए तृणमूल कांग्रेस के सदस्य दिनेश त्रिवेदी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना झांसी की रानी से करते हुए कहा था कि वह केंद्र सरकार की ओर से किए जाने वाले एजेंसियों के दुरुपयोग से डरने वाली नहीं हैं।
उन्होंने कहा था कि बेरोजगारी, नोटबंदी, कृषि संकट और अर्थव्यवस्था की बदहाली चार ऐसे मुद्दे हैं जो भाजपा सरकार को विपक्ष में बैठाएंगे। 2019 में भाजपा 'फिनिश' हो जाएगी। लोकतंत्र खतरे में है और सरकारी संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा था कि भाजपा के लिए श्रीराम अयोध्या में हैं, लेकिन हमारे लिए श्रीराम कण-कण में हैं, हर व्यक्ति में हैं।