महाराष्ट्र: उद्धव सरकार के मंत्री और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को हुआ कोरोना, इलाज के लिए लाए जाएंगे मुंबई
By अनुराग आनंद | Published: May 24, 2020 11:41 PM2020-05-24T23:41:45+5:302020-05-25T00:03:32+5:30
पूर्व सीएम अशोक चव्हाण को इलाज के लिए नांदेड़ से मुम्बई लाया जाएगा।
मुंबई: महाराष्ट्र में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामले के बीच एक बड़ी खबर यह आ रही है कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व उद्धव ठाकरे सरकार में पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर अशोक चव्हाण कोरोना संक्रमित हो गए हैं।
उद्धव सरकार के ये दूसरे मंत्री हैं जो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले मंत्री जितेंद्र अव्हाड़ कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जितेंद्र अव्हाड़ के 14 निजी स्टाफ भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पूर्व सीएम को इलाज के लिए नांदेड़ से मुम्बई लाया जाएगा।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में रविवार को कोविड-19 के 3041 नये मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 50,231 हो गई है। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य में नए मामलों की यह संख्या किसी एक दिन का उच्चतम स्तर है। अधिकारी ने बताया कि महामारी के कारण 58 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1635 हो गई है।
उन्होंने बताया कि यह लगातार आठवां दिन है जब राज्य में कोरोना वायरस के 2,000 से अधिक नये मामले सामने आये है। महाराष्ट्र में अब तक 14,600 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है जबकि अभी 33,988 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में कोरोना वायरस के लिए अब तक 3,62,862 लोगों की जांच की गई है।