BJP कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उत्तर प्रदेश में दोहराया था 2014 वाला कारनामा, अमित शाह की तरह पार्टी से मिला इनाम

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: June 18, 2019 08:49 AM2019-06-18T08:49:06+5:302019-06-18T09:16:19+5:30

तीन बार विधायक रहे जेपी नड्डा राज्यसभा में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह मोदी सरकार के पिछले कार्यकाल में स्वास्थ्य मंत्री थे।

Former health minister rss worker JP Nadda appointed BJP working president | BJP कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उत्तर प्रदेश में दोहराया था 2014 वाला कारनामा, अमित शाह की तरह पार्टी से मिला इनाम

जेपी नड्डा ने राजनीति का ककहरा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से सीखा है।

Highlightsकेंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कार्यकाल दिसम्बर 2019 में समाप्त होना है.जेपी नड्डा (58) को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई थी.

बीजेपी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री जे पी नड्डा को सोमवार को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हालांकि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह फिलहाल पार्टी के अध्यक्ष बने रहेंगे। पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक में यह फैसला किया गया। संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बोर्ड के इस निर्णय की घोषणा की। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा प्रमुख अमित शाह शामिल हुए। 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा संसदीय बोर्ड की आज बैठक हुई और जे पी नड्डा को कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में चुना गया। वह भाजपा के सदस्यता अभियान और संगठनात्मक चुनाव संपन्न होने तक कार्यकारी अध्यक्ष बने रहेंगे।’’ बीजेपी का कहना है कि भाजपा ने पार्टी अध्यक्ष शाह के नेतृत्व में कई चुनाव जीते हैं। प्रधानमंत्री द्वारा गृह मंत्री नियुक्त किये जाने के बाद अमित शाह ने खुद कहा था कि पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसी और को दी जानी चाहिए।  

बीजेपी के इतिहास में ऐसा पहली बार है जब पूर्णकालिक अध्यक्ष रहने के बाद भी पार्टी ने एक कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। अमित शाह का कार्यकाल दिसम्बर 2019 में समाप्त होना है और वह पार्टी के ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के सिद्धांत के चलते पार्टी अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल में विस्तार नहीं लेना चाहेंगे। 

शाह की तरह नड्डा को भी मिला इनाम

सूत्रों ने बताया कि वर्तमान में भाजपा के संसदीय बोर्ड के सचिव नड्डा भाजपा के संगठनात्मक चुनाव संपन्न होने तक कार्यकारी अध्यक्ष रहेंगे और ऐसे संकेत हैं कि वह शाह का स्थान ले सकते हैं। नड्डा (58) को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई थी जहां भाजपा ने 80 सीटों में से 62 सीटें हासिल की थी। तीन बार विधायक रहे नड्डा राज्यसभा में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह मोदी सरकार के पिछले कार्यकाल में स्वास्थ्य मंत्री थे। 

लोकसभा चुनाव 2014 में अमित शाह को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई थी। उस समय प्रचंड मोदी लहर और अमित शाह की कुशलता के वजह से बीजेपी उत्तर प्रदेश में 80 में से 73 सीटें जीतने में सफल रही थी। उस समय राजनाथ सिंह बीजेपी अध्यक्ष थे। मोदी सरकार बनने के बाद राजनाथ केंद्रीय गृह मंत्री बने तो उन्होंने पार्टी अध्यक्ष का पद छोड़ दिया। पार्टी ने लोकसभा चुनावों में पहली बार बहुमत हासिल करने का इनाम अमित शाह को दिया। उन्हें बीजेपी अध्यक्ष बनाया गया।

ठीक इसी तरह इस बार अमित शाह बीजेपी अध्यक्ष थे और वह पूरे देश में दौरा कर रहे थे। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल का महागठबंधन उप चुनावों में सफल रहा था। उप चुनावों में बीजेपी को मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की सीट महागठबंधन के हाथों गंवानी पड़ी थी।

लोकसभा चुनाव 2019 में कई राजनीतिक पंडित महागठबंधन को 50 से ज्यादा सीटें जीतने का अनुमान लगा रहे थे, लेकिन नड्डा की राजनीतिक कौशलता मायावती-अखिलेश-अजित सिंह की जोड़ी पर भारी पड़ी।

लोकसभा चुनाव 2019 से पहले उन्हें उत्तर प्रदेश का प्रभार सौंपा गया। महागठबंधन के अलावा नड्डा के सामने कांग्रेस से प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया की जोड़ी की भी चुनौती थी। इसके अलावा बीजेपी की सहयोगी सुभासपा लगातार पार्टी को असहज करने में जुटी थी। वहीं यूपी के ही बनारस से पीएम मोदी लगातार दूसरी बार चुनाव लड़ रहे थे।

इन सबके बीच नड्डा ने 2014 जैसा कारनामा दोहरा दिया। उत्तर प्रदेश में हालात 2014 से पूरी तरह अलग थे। भले ही बीजेपी 71 सीटें जीतने में असफल रही लेकिन नड्डा के नेतृत्व में पार्टी को 62 सीटों पर जीत मिली। इसी वजह से केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए बीजेपी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया।

मोदी-शाह को दिया धन्यवाद 

जेपी नड्डा ने सोमवार को कहा कि वह पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर उसे मजबूत करने का कार्य करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को उनमें विश्वास दिखाने के लिए धन्यवाद दिया। नड्डा ने कई ट्वीट कर कहा कि मोदी का मार्गदर्शन हमेशा से उनके लिए प्रेरणादायी रहा है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पार्टी को देश के लोगों से बड़े पैमाने पर समर्थन मिला है।

नड्डा ने कहा, “मैं पार्टी को उसके कार्यकर्ता के तौर पर मजबूती देने की कोशिश करुंगा..पार्टी के लिए काम करना मेरे लिए साधना के समान है।’’ शाह को धन्यवाद देते हुए नड्डा ने कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी ने नयी ऊंचाइयों को छुआ है जो अनुकरणीय है और उसी तरह से वह भी पार्टी की सेवा करेंगे। 

Web Title: Former health minister rss worker JP Nadda appointed BJP working president

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे